
Koderma : अद्भुत खेल पारंपरिक अस्त्र शस्त्रों के साथ विहंगम दृश्य बुधवार को कोडरमा जिले की सड़कों पर दिखा. मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम के जन्मोत्सव के महापर्व रामनवमी पर पूरा जिला जय श्री राम के जयकारे से गूंज उठा. रामनवमी के भजनों से एक-एक गली और चौक चौराहे गूंज रहे थे. डंके की आवाज राम भक्तों का जोश बढ़ा रही थी. तो दूसरी तरफ बड़े बड़े महावीरी ध्वज थामे भक्तों की भीड़ जय श्री राम के जयकारे के साथ शौर्य का प्रदर्शन कर रही थी. हर ओर महावीरी ध्वज ही लहरा रहे थे. पारंपरिक प्रदर्शन के साथ युवाओं के जुनून को हिंदू संगठन के कार्यकर्ता बढ़ा रहे थे. अहले सुबह से ही हे बजरंगबली, दुखियों का दुखड़ा दूर करो, संकट मोचन कहलाओ तुम, है मर्यादा पुरुषोत्तम बोलो तुमने मर्यादा क्यों तोड़ दी, श्रीराम जानकी बैठे.. जैसे भजन और डंके की आवाज ने राम भक्तों की नींद तोड़ी. हर एक राम भक्त भगवान राम की भक्ति में डूबा दिखा. कोडरमा, झुमरीतिलैया, सतगावां, मरकच्चो, चंदवारा, जयनगर और डोमचांच समेत अन्य जगहों पर शौर्य पराक्रम का प्रदर्शन भी हुआ. इस दौरान सुरक्षा को लेकर अधिकारी पेट्रोलिंग करते दिखे. थाना प्रभारी सुजीत कुमार भारी संख्या में पुलिस बल के साथ तैनात थे.
झुमरीतिलैया में भी हुआ प्रदर्शन
झुमरीतिलैया शहर और ग्रामीण इलाकों से दर्जनों की संख्या में अखाड़ा समितियों के खिलाड़ी झंडा चौक पहुंचे और अपने शौर्य पराक्रम का प्रदर्शन शुरू किया. रामभक्तों के जोश से पूरा चौक समेत शहर के कई इलाकों में जनसैलाब उमड़ पड़ा. राम भजनों की धुन के साथ डंके की आवाज के बीच खिलाड़ी प्रदर्शन कर रहे थे, और जय श्री राम के साथ माता सीता और संकट मोचन हनुमान का जयकारा लगा रहे थे. इस दौरान पांव रखने तक की जगह लोगों को नहीं मिली.
विभिन्न अखाड़ा समितियों ने झांकियों के साथ निकाला जुलूस
कोडरमा में महारामनवमी पर सुंदर झांकियों को निकाला गया. इस दौरान अखाड़ा समितियों के लोगों ने खेल का भी प्रदर्शन किया. कोडरमा में इंदरवा परिसर से शुरू होकर जलवाबाद, नगरखारा आदि जगहों से लोग पहुंचे, देर रात तक आने-जाने का सिलसिला चलता रहा. वहीं डोमचांच में इस दौरान विभिन्न स्थानों से निकाले गए आकर्षक झांकी लोगों को बरबस कई युगों की यादें ताजा कर दी. जिसमें भगवान राम के विभिन्न अवतारों, राम सीता विवाह आदि कई मनमोहक झांकी आकर्षक रूप से सजाया गया था. अपने अखाड़ा से शहरों की ओर आने पर विभिन्न क्षेत्रों में पेयजल की व्यवस्था की गई थी. अखाड़ा दलों का ध्वनि विस्तारक यंत्र से जोरदार स्वागत किया जा रहा था. जिससे अखाड़ा दलों में शामिल लोगों का उत्साह काफी दुगना हो जा रहा था. कोडरमा के जलवाबाद में निकाले गए जुलूस में उमेश राम, गजेंद्र राम, बिनोद कुमार मुन्ना, अमित कुमार के अलावा साजिद हुसैन, आफताब आलम भी शामिल हुए.
इसे भी पढ़ें – ओडिशा के राज्यपाल रघुवर दास और केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने की पूजा-अर्चना



