
Ranchi: प्रोजेक्ट भवन स्थित सभागार में शनिवार को गृह विभाग के प्रधान सचिव वंदना डाडेल, एवं डीजीपी अजय कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से रामनवमी पर्व के अवसर पर विधि-व्यवस्था की समीक्षा की. समीक्षा बैठक में एडीजी अभियान, एएसपी अभियान, जोनल आईजी सहित एसएसपी, एसपी, डीसी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भाग लिया. समीक्षा बैठक में विधि-व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण के लिये जिलावार समीक्षा की गयी. विगत 3 वर्षों में रामनवमी के दौरान दर्ज कांड एवं उनके विरूद्ध की गई कार्रवाई, जुलूस मार्गों में पड़ने वाले संवेदनशील स्थानों पर की गई सुरक्षात्मक कार्रवाई, बलों एवं दंडाधिकारी की उपलब्धता एवं प्रतिनियुक्ति, जुलूस का विडियोग्राफी, ड्रोन द्वारा एरियल सर्विलांस की व्यवस्था सहित कई बिन्दुओं की समीक्षा की गई. बैठक के दौरान रेंज के आईजी के द्वारा रामनवमी के मद्देनजर विधि-व्यवस्था संधारण के लिये बनाए गए रोड मैप की क्षेत्रवार प्रस्तुति की गई. जिले के सभी एसएसपी, एसपी द्वारा धार्मिक स्थलों की मॉनिटरिंग और धार्मिक स्थलों की सुरक्षा पर ध्यान देने के लिये की जा रही कार्रवाई, सामाजिक समितियों की बैठक कर उनकी छोटी-मोटी कठिनाइयों का निराकरण, अखाड़ा समितियों के साथ बैठक कर जुलूस के मार्गों का सत्यापन, संवेदनशील इलाकों में जुलूस निकालने संबंधी कठिनाइयों का निराकरण, डीजे पर भड़काऊ गाना बजाने वालों पर कार्रवाई, सोशल मीडिया एवं वॉट्सेप्प पर विशेष निगरानी रखने, रामनवमी के दौरान माहौल बिगाड़ने का प्रयास करने वालों पर सख्ती से की जाने वाली कार्रवाई संबंधी जानकारी दी गई. बैठक के दौरान डीजीपी ने सभी जिलों को राज्य में रामनवमी के अवसर पर शांति व्यवस्था कायम रखने के साथ असामाजिक तत्वों एवं उपद्रवियों पर निगरानी रखते हुए, उनके विरूद्ध निरोधात्मक कार्रवाई करने, जुलूस के मार्गो के भौतिक सत्यापन, धार्मिक स्थानों का मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया. इस बैठक में गृह सचिव वंदना डाडेल, डीजीपी अजय कुमार सिंह, एडीजी अभियान डॉ संजय आनंद लाटकर, आईजी अखिलेश झा, आईजी अभियान एवी होमकर, जिलो के एसएसपी, एसपी, डीसी शामिल थे.




