Sports

लुका नार्डी ने बीएनपी परिबास ओपन में नोवाक जोकोविच को हराया

Italy: इटली के 20 साल के लुका नार्डी ने यहां बीएनपी परिबास ओपन के तीसरे दौर में अपने बचपन के आदर्श और शीर्ष वरीय 24 बार के ग्रैंडस्लैम चैंपियन सर्बिया के नोवाक जोकोविच को 6-4, 3-6, 6-3 से पराजित किया. दुनिया के 123वीं रैंकिंग के नार्डी ने नंबर एक जोकोविच को हराकर बड़ा उलटफेर कर दिया.

जीत के बाद उन्होंने अपना रैकेट फेंक दिया और चेहरे को हाथों से ढाप लिया. बाद में उन्होंने कहा कि यह तो चमत्कार है. मैं सिर्फ बीस साल का हूं और रैंकिंग सौ से ज्यादा है और मैंने नोवाक को हरा दिया. नार्डी किसी ग्रैंड स्लैम या एटीपी मास्टर्स 1000 लेवल स्तर पर जोकोविच को हराने वाले सबसे निचली रैंकिंग के खिलाड़ी हैं. इससे पहले 122वें नंबर के केविन एंडरसन ने 2008 में मियामी में हराया था.

नार्डी ने जोकोविच को तीसरे दौर में हराकर चौंका दिया. इस हार के साथ ही जोकोविच की टूर्नामेंट में रिकॉर्ड छठे खिताब की दावेदारी समाप्त हो गई. 2024 में अभी तक जोकोविच कोई खिताब नहीं जीत पाए हैं. इससे पहले जनवरी में उन्हें ऑस्ट्रेलियन ओपन में यानिक सिनर से सेमीफाइनल में हार का सामना करना पड़ा था.

मैच के दौरान जोकोविच की नार्डी और अंपायर से बहस भी देखने को मिली. इनके बीच शॉट में लग रहे टाइम को लेकर बातचीत हुई. हालांकि, अंपायर ने नार्डी का पक्ष लिया. इस विवाद के बावजूद जोकोविच इतालवी खिलाड़ी को हराने में कामयाब नहीं हो पाए. नार्डी ने अपने करियर की सबसे बड़ी जीत दर्ज की.

Related Articles

Back to top button