
Ranchi: चतरा पुलिस ने आधा दर्जन थाना क्षेत्रों में दहशत फैलाने वाले टीपीसी के तीन उग्रवादी को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार उग्रवादी चतरा के टंडवा, पिपरवार और रांची के खलारी, मैक्लूस्कीगंज, बुढ़मू, रातू थाना क्षेत्र में कोयला कारोबारी एवं विकास के कार्यों से जुड़े कारोबारी के लिये आतंक का पर्याय बन चुके थे. रातू थाना क्षेत्र में कोयला कारोबारी अभिषेक श्रीवास्तव की हत्या कारोबारियो में दबदबा और लेवी वसूली के लिए की गई थी. उग्रवादियों की योजना थी कि अभिषेक की हत्या के बाद अन्य कारोबारी दहशत में आ जाएंगे और फिर लेवी वसूल कर सकेंगे.
गिरफ्तार आरोपी में लातेहार जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र स्थित मुरपा निवासी इरफान अंसारी उर्फ तूफान, रांची के मैक्लूस्कीगंज थाना क्षेत्र के धमधमियां निवासी शोभित शर्मा उर्फ राजा उर्फ अभिषेक और खलारी थाना क्षेत्र के जमुनाघौड़ा निवासी संदीप लोहरा उर्फ बलवन्त का नाम शामिल है. आरोपी के पास से दो देशी पिस्टल, 7.65 mm का आठ गोली, 7.62 mm का तीन गोली, टीपीसी का 14 लेटर पैड पर्चा, कोयला कारोबारी का मोबाईल नंबर लिखा नोट बूक, लेवी वसूली के 22500 रुपये नगद पुलिस ने बरामद किया है. इरफान अंसारी पिपरवार थाना क्षेत्र स्थित सेंगाबिलारी में जय अम्बे ट्रांसपोर्ट कम्पनी के हाईवा में आगजनी की घटना को अंजाम देने वाला मास्टर माइंड था. इरफान अंसारी पर रांची, चतरा, लातेहार के विभिन्न थाना में 17 मामले दर्ज है. वहीं अभिषेक पर रांची चतरा के विभिन्न थानों में आधा दर्जन मामले दर्ज है.
कारोबारी से लगातार की जा रही थी लेवी की मांग
पुलिस के अनुसार विगत कुछ दिनों से चतरा जिला के पिपरवार एवं टंडवा थाना क्षेत्र में कोल-व्यवसायी तथा विकास कार्य से जुड़े व्यवसायियों को टीएसपीसी के सब-जोनल कमाण्डर अभिषेक उर्फ राजा उर्फ शोभित एवं एरिया कमाण्डर इरफान अंसारी उर्फ तुफान एवं सक्रिय सदस्य बलवंत उर्फ संदीप लोहरा के नाम पर जान से मारने की धमकी देकर रंगदारी स्वरूप लेवी की मांग की जा रही थी. जिस कारण कोयलांचल क्षेत्र में कार्य से जुड़े व्ययसायियों के मन भय व्याप्त था. इसी क्रम में विगत माह पिपरवार थाना क्षेत्र में कोल-व्यवसाय से जुड़े व्यवसायी अभिषेक श्रीवास्तव को रातू थाना क्षेत्र में गोली मारकर हत्या की घटना को अंजाम दिया गया था. घटना को अंजाम देने वाले आरोपी की गिरफ्तारी के लिये टंडवा एसडीपीओ प्रभात रंजन बरवार के नेतृत्व में विशेष कार्यबल का गठन किया गया. पुलिस की टीम अनुसंधान एवं तकनीकी सहयोग से छापेमारी कर टीपीसी के सब-जोनल एवं एरिया कमाण्डर सहित तीन उग्रवादियों को गिरफ्तार किया. वही टीपीसी पर्चा, घटना को अंजाम देने में प्रयुक्त मोबाईल, पिस्टल समेत अन्य समान बरामद किया. गिरफ्तार उग्रवादियों के अपराध स्वीकारोक्ति बयान में टीपीसी उग्रवादी संगठन के अन्य सक्रिय सदस्यों के बारे में जानकारी दी है. पुलिस इसकी छानबीन में जुट गई है. वही कई संभावित ठिकाने पर छापेमारी की जा रही है.
इसे भी पढ़ें: विश्व हिन्दू परिषद ने मंदिरों में मूर्ति चोरी की घटना पर संगठन को बदनाम करने का लगाया आरोप




