
Ranchi: साहिबगंज के पत्थर कारोबारी कृष्णा कुमार साहा की ओर से दायर डिस्चार्ज पिटीशन को ईडी कोर्ट ने सोमवार को खारिज कर दिया. पूर्व में दोनों पक्षों की सुनवाई पूरी होने के बाद ईडी के विशेष न्यायाधीश पीके शर्मा की कोर्ट ने मामले में फैसला सुरक्षित रख लिया था.
बता दें कि मामले में कृष्णा साहा को हाई कोर्ट से 7 दिसंबर 2023 को जमानत मिल चुकी है. उनके खिलाफ अब ईडी कोर्ट में आरोप गठन होना है. दरअसल, 5 जुलाई 2023 को 10 घंटे की पूछताछ के बाद ईडी ने उसे देर रात गिरफ्तार कर लिया था. ईडी समन भेजकर 5 जुलाई को रांची स्थित ईडी के जोनल कार्यालय बुलाया था. 1250 करोड़ के अवैध पत्थर खनन मामले में मनी लांड्रिंग के तहत जांच कर रही ईडी कृष्णा कुमार के ठीकने पर जुलाई 2022 में छापेमारी की थी.
साहिबगंज जिले के बड़हरवा निवासी कृष्णा कुमार साहा को सीएम के बरहेट विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रतिनिधि पंकज मिश्रा का खास सहयोगी माना जाता है. कृष्णा साहा के अवैध पत्थर खदान में दो मजदूरों की दुर्घटना में मौत हो गई थी. जांच के क्रम में ईडी ने पूर्व में कृष्णा साहा के बड़हरवा के चंपांडे मौजा के पत्थर खदान की ड्रोन से मापी ली थी. वहां के कर्मियों के मोबाइल व कागजात भी जब्त किए गए थे. छानबीन में जानकारी मिली थी कि लीज एरिया से कई गुणा अधिक खनन किया गया है. ईडी की कार्रवाई के बावजूद कृष्णा साहा के खान में अवैध खनन जारी था. इसकी जानकारी ईडी को मिली है, जिसके बाद ही ईडी ने उसे गिरफ्तार किया था.
इसे भी पढ़ें: लैंड स्कैम: बड़गाईं अंचल के राजस्व उप निरीक्षक भानु प्रताप प्रसाद की डिस्चार्ज पिटीशन ईडी कोर्ट ने की खारिज




