
Ranchi: सीएम हेमंत सोरेन के नई दिल्ली दौरे के दौरान ही प्रवर्तन निदेशालय की दबिश से झारखंड का गृह विभाग अलर्ट पर आ गया है. ईडी की टीम द्वारा अचानक नई दिल्ली में झारखंड भवन में रेड के बाद राज्य के आला अधिकारियों में हड़कंप मच गया. मुख्य सचिव, गृह सचिव सहित सारे आला अफसरों ने रांची व झारखंड में सुरक्षा व्यवस्था कड़े करने के निर्देश दिए हैं. वहीं, झारखंड मंत्रालय में भी इसका सीधा असर देखने को आया. प्रोजेक्ट भवन सचिवालय हो या नेपाल हाउस सचिवालय सभी में मौजूद अधिकारियों व कर्मियों के बीच ईडी की रेड की खबर चर्चा में बनी रही.
इसे भी पढ़ें: सीएम की तलाश के लिए दिल्ली पुलिस की मदद ले रहा ईडी, रांची में अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती
अधिकारी व कर्मचारी आपस में इस संबंध में खुब चर्चा करते हुए दिखे कि आखिर हो क्या रहा है, क्या ईडी कोई बड़ी कार्रवाई करने जा रही है. अपने जानकार लोगों से भी यह पूछते नजर आये और झारखंड सरकार की स्थिति पर भी हालचाल लेते रहे.सचिवालय के अधिकांश विभागों में सुबह से ही कामकाज ठप रहा. पहले हाफ में फाइलों का मूवमेंट भी रूक गया है. आला अफसर व सचिव स्तर के अधिकारी भी टीवी पर चिपके रहे हैं, समाचार चैनलों से अपडेट लेते रहे.
वैसे भी दो दिन शनिवार व रविवार को सचिवालय बंद रहा.सोमवार से कामकाज प्रारंभ होना था लेकिन सुबह से ही झारखंड भवन में सीएम की तलाश में ईडी के पहुंचने की खबर आने लगी जिससे सारा कुछ प्रभावित हो गया है, सिर्फ रूटीन कार्य फिलहाल चल रहा है.




