
Palamu: झारखंड सहायक अध्यापक संघर्ष मोर्चा राज्य ईकाई के आह्वान पर सोमवार को डालटनगंज में मध्य विद्यालय, सुदना में सहायक अध्यापकों की बैठक हुई. अध्यक्षता जिला अध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने की. बैठक में मुख्य रूप से प्रदेश इकाई के नेतृत्वकर्ता प्रद्युम्न कुमार सिंह (सिंटू), विनोद तिवारी एवं ऋषिकांत तिवारी उपस्थित हुए.
सिंटू सिंह, विनोद तिवारी एवं ऋषिकांत तिवारी ने एक स्वर में कहा कि 20 वर्षों से काम कर रहे 62 हजार सहायक अध्यापकों को वेतनमान देने के मुद्दे पर हेमंत सोरेन की वादाखिलाफी के विरोध में राज्य के सहायक अध्यापक आक्रोशित हैं एवं इस बार वेतनमान सहित विभिन्न समस्याओं के निदान होने तक सरकार से संघर्ष जारी रहेगा. सरकार तय करे कि अगली बार विधानसभा चुनाव में सहायक अध्यापकों का साथ चाहिये या आक्रोश देखना है.
जिलाध्यक्ष मनोज ने सभी प्रखंड कमेटियों को मुख्यमंत्री आवास घेराव की तैयारी करने, सहयोग राशि प्राप्त करने एवं 28 दिसंबर को मुख्यमंत्री आवास के अनिश्चितकालीन घेराव के लिए पलामू से 5 हजार सहायक शिक्षकों को कूच करने के लिए रोडमैप बनाने का आह्वान किया.
बैठक में विनोद मिश्रा, सत्यनायण सिंह, उपेंद्र पाठक, नीरज सिंह, सुनील यादव, विजय यादव, ललन साहू, अभिषेक शर्मा, हरेंद्र सिंह, इंदू देवी, विकास मिश्रा, अरविंद विश्वकर्मा, अशोक प्रसाद, अखिलेश सिंह, मानदेव विश्वकर्मा, मो अमान अजहर, प्रेमचंद मेहता, ब्रजकिशोर तिवारी, जितेंद्र सिंह, सुनील पाल, उपेंद्र कुमार, चंदन सिंह, अभिमन्यु कुमार, दिलीप पांडेय, राकेश सिंह सहित सैकड़ों सहायक अध्यापक शामिल हुए.




