
Pakur/Ranchi: झारखंड राज्य बनने के बाद ऐसा पहली बार देखा गया होगा कि किसी जिले में वहां उपायुक्त यानि डीसी के खिलाफ इस कदर राजनीतिक पार्टियों ने मोर्चा खोल दिया हो. पहले राष्ट्रीय जनता दल ने पाकुड़ डीसी दिलीप कुमार झा के खिलाफ पोस्टबाजी की, अब आजसू पार्टी ने भी पाकुड़ समाहरणालय से लेकर पूरे शहर में डीसी के खिलाफ पोस्टरबाजी की है. पूरे जिले में इस बात को लेकर चर्चा जोरों पर है. पोस्टरों में डीसी पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए गए हैं. बताया गया है कि कैसे डीसी किसी मुखिया के कहने पर जिले प्रशासन को चला रहे हैं. इन सभी बातों के बीच आजसू के पोस्टरों में कई सवालों का जवाब पार्टी मांग रही है. ऐसा नहीं है कि डीसी पाकुड़ और पाकुड़ जिले के हालात से राज्य के आला अधिकारी और सरकार अंजान है. रोज ही मीडिया में पाकुड़ डीसी दिलीप झा के खिलाफ खबरें छप रही हैं. सीएम जनसुनवाई में उनके खिलाफ शिकायत भी हुई है. लेकिन फिर भी पूरे मामले पर सरकार और प्रशासन की चुप्पी से जनता परेशान है कि आखिर ऐसा क्या है कि इन तमाम मामलों के बाद भी किसी तरह की ना तो जांच हो रही है और ना ही कार्रवाई.
इसे भी पढ़ें – 30 वर्षों से डीवीसी बोकारो थर्मल पावर प्लांट में सप्लाई मजदूरों का नहीं हुआ ओपन टेंडर
क्या लिखा है पोस्टरों में
1) पाकुड़ की जनता पूछे सवाल, उपायुक्त पाकुड़ दें जवाबः एक आंख में काजल, एक आंख में सुरमा (मुखिया पुराण) यही है पाकुड़ उपायुक्त की जिला प्रशासन.
2) पाकुड़ की जनता पूछे सवाल, उपायुक्त पाकुड़ दें जवाबः पटना हाईकोर्ट की याचिका में निर्गत आदेश के बाद भी 1988 से ही कार्यरत फर्जी शिक्षकों को बर्खास्त क्यों नहीं किया गया ? उपायुक्त पाकुड़ जवाब दो.
3) पाकुड़ की जनता पूछे सवाल, उपायुक्त पाकुड़ दें जवाबः पाकुड़ सीएस अस्पताल का आवास खाली रहते. सरकार से आवास किराया भत्ता लेना बंद करो. पाकुड़ सीएस अस्पताल के चल/अचल संपत्ति की जांच सीबीआई से करायी जाए.
4) पाकुड़ की जनता पूछे सवाल, उपायुक्त पाकुड़ दें जवाबः एसपीटी एक्ट के उल्लंघन कर पत्थर खनन पट्टा देने वाले उपायुक्त पाकुड़ जनता को जवाब दो.
5) पाकुड़ की जनता पूछे सवाल, उपायुक्त पाकुड़ दें जवाबः दिलीप कुमार झा की चल/अचल संपत्ति की सीबीआई जांच हो.
6) पाकुड़ की जनता पूछे सवाल, उपायुक्त पाकुड़ दें जवाबः नियम कानून को नहीं मानने वाले उपायुक्त पाकुड़ जनता को जवाब दो.
7) पाकुड़ की जनता पूछे सवाल, उपायुक्त पाकुड़ दें जवाबः उपायुक्त पाकुड़ हो जाओ होशियार आजसू कैडर हैं तैयार
8) पाकुड़ की जनता पूछे सवाल, उपायुक्त पाकुड़ दें जवाबः अधिकारी और कर्मचारी को रिश्वत वसूलने की फिराक में झूठा केस करने वाले उपायुक्त पाकुड़ जनता को जवाब दो.
9) पाकुड़ की जनता पूछे सवाल, उपायुक्त पाकुड़ दें जवाबः भाजपा के कैडर की तरह काम करने वाले उपायुक्त पाकुड़ दिलीप कुमार झा के कार्यशैली की जांच हो.
10) पाकुड़ की जनता पूछे सवाल, उपायुक्त पाकुड़ दें जवाबः पाकुड़ रेलवे साईडिंग की पूर्ण रूपेण जांच हो, रोड साईडिंग क्रशर और माइन्स की तरह क्यों नहीं. उपायुक्त पाकुड़ जवाब दो.
11) पाकुड़ की जनता पूछे सवाल, उपायुक्त पाकुड़ दें जवाबः अवैध खनन एवं बिना चालान के वाहनों को चेक पोस्ट से पास कराकर रिश्वत लेने वाले पदाधिकारी को गिरफ्तार किया जाए.
12) पाकुड़ की जनता पूछे सवाल, उपायुक्त पाकुड़ दें जवाबः एनजीटी के आदेश का उल्लंघन करने वाले उपायुक्त पाकुड़ जनता को जवाब दो.
13) पाकुड़ की जनता पूछे सवाल, उपायुक्त पाकुड़ दें जवाबः देखो उपायुक्त पाकुड़ का कैसा सुशासन ? पत्थर बालू माफिया चलाए प्रशासन.
इसे भी पढ़ें – 140 IAS और 60 IFS बायोमिट्रिक से नहीं बनाते हैं हाजिरी, राज्य प्रशासनिक सेवा अफसरों ने भी छोड़ा हाजिरी बनाना
राजद ने भी की थी पोस्टरबाजी
पाकुड़ के डीसी और खनन पदाधिकारी सुरेश शर्मा के खिलाफ भ्रष्टाचार के मुद्दे पर पाकुड़ आरजेडी ने भी मोर्चा खोला था. आरजेडी ने पाकुड़ में कई जगह पर पोस्टर चिपकाया है. जिसमें डीसी और सहायक खनन पदाधिकारी पर कई संगीन आरोप लगाया गया है. शहर में हो रहे पोस्टर बाजी में आरोप लगाया गया है कि पाकुड़ के डीसी ने कोलकाता के एक होटल में चार करोड़ की लेनदेन के अलावा सहायक खनन पदाधिकारी सुरेश शर्मा की उपस्थिति में कोल माइन्स के अधिकारियों के बीच डील का मामला रखा है. पोस्टर में सहायक खनन पदाधिकारी पाकुड़ छोड़ो और अवैध संपत्ति उजागर करो आदि भी लिखा गया है.
इसे भी पढ़ें – NEWS WING IMPACT: आदिवासी महिलाओं के साथ दरिंदगी करने वाले क्रशर मालिकों का क्रशर सील
डीसी साहब का ओरमांझी में बन रहा है घर, मदद कर रहे हैं कनीय अभियंता
आरजेडी के जिला अध्यक्ष सुरेश अग्रवाल ने आरोप लगाया है कि पाकुड़ डीसी दिलीप कुमार झा अवैध रूप से कमाए गए पैसे से रांची के ओरमांझी में घर बनवा रहे हैं. यह घर स्पेशल डिवीजन के जूनियर इंजीनियर मदन मोहन सिंह की देखरेख में बनवाया जा रहा है. उन्होंने कहा है कि दो महीना पहले ही मदन मोहन सिंह का तबादला हो गया. लेकिन डीसी साहब उसे रोककर रखे हैं. मदन मोहन सिंह ने पाकुड़ में करोड़ों रुपए की योजनाएं संचालित की हैं और सभी से मोटी कमाई है. उन्होंने सहायक खनन पदाधिकारी सुरेश शर्मा पर आरोप लगाते हुए कहा कि उनका देवघर रोड पर ब्रिज के पास करोड़ों रुपए का मॉल बन रहा है. देवघर बिहार के शेखपुरा और धनबाद में भी आलीशान घर है. आरजेडी अध्यक्ष का आरोप है कि सहायक खनन पदाधिकारी पहले माइन्स को सीज करते हैं और फिर तीन-चार दिनों में कागजात भी बनाकर माइन्स को फिर से शुरू करवा देते हैं. हर माइन्स शुरू करने के लिए सहायक खनन पदाधिकारी 10-15 लाख रुपए की मोटी रकम वसूल लेते हैं. आरजेडी के जिला अध्यक्ष ने पूरे मामले पर सीबीआई जांच की मांग भी की है.
इसे भी पढ़ें – हर माह 32 करोड़ नुकसान की भरपाई कर रहे 47 लाख बिजली उपभोक्ता, सीएम ने मानी व्यवस्था में खामी




