
Ranchi: झारखंड प्रशासनिक सेवा से आईएएस में प्रमोशन देने के लिए यूपीएससी बोर्ड सहमत हो गया है. 11 अधिकारियों को आइएएस में प्रोन्नति मिलेगी. विगत 20 नवंबर को हुई बैठक में इस पर सहमति बन गयी है. कार्मिक मंत्रालय भारत सरकार के समक्ष संचिका भेजी जायेगी. लगभग एक माह में इस संबंध में अधिसूचना भी जारी कर दी जायेगी.
बता दें कि राज्य सरकार की ओर से कुल 33 नामों की अनुशंसा आईएएस में करने के लिए भेजी गयी थी, जिसमें से 11 अधिकारियों को रिक्तियों के विरूद्ध प्रमोशन दिया जाना है. सूत्रों के अनुसार इन अधिकारियों को प्रोन्नति देने पर सहमति मिल गयी है, लेकिन अधिसूचना जारी होने में अभी थोड़ा वक्त लगेगा.
सूत्रों ने बताया कि इस बार बीपीएससी 36वें बैच के अधिकारी भी इसमें शामिल हैं. आईएएस में प्रमोशन पाने वालों में कार्मिक विभाग से रंजीत कुमार लाल, कैबिनेट सचिवालय से राजीव रंजन, मुख्यमंत्री सचिवालय के संयुक्त सचिव स्तर के एक अधिकारी व शैलेंद्र कुमार लाल, सुनील कुमार सिंह-1, सुनील कुमार सिंह-2, विजय कुमार गुप्ता, कृष्ण कुमार, विधानचंद्र चौधरी को प्रमोशन मिल सकता है.




