
Ranchi: लगातार नकली शराब बेचे जाने की शिकायत मिलने के बाद उप्ताद विभाग ने कार्रवाई करते हुए सहायक उत्पाद आयुक्त अरविंद कुजूर को सस्पेंड कर दिया है. अरविंद कुजूर फिलहाल हजारीबाग में तैनात है. बोकारो में पोस्टिग के दौरान नकली शराब बेचने का आरोप लगा था. उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग ने इससे संबंधित आदेश जारी कर दिया है. आदेश में बताया गया है कि बीते 27 जून को बोकारो जिला के सदर अंचल में संचालित खुदरा उत्पाद दुकानों का निरीक्षण किया गया. निरीक्षण के दौरान तीनों दुकानों में नकली शराब बरामद की गई. इस संबंध में सहायक आयुक्त उत्पाद अरविंद कुजूर से दो बार स्पष्टीकरण समर्पित करने का निर्देश दिया गया. कुजूर की ओर से दिया गया स्पष्टीकरण असंतोषजनक पाया गया. इसके बाद विभाग ने अरविंद कुजूर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया. निलंबन अवधि में अरविंद कुजुर मुख्यालय पर प्रमंडलीय आयुक्त का कार्यालय संथाल परगना दुमका में योगदान देंगे.
अरविंद कुजूर के लिये घूस लेने वाला दारोगा और सिपाही को एसीबी ने किया था गिरफ्तार
रांची के तत्कालीन सहायक आयुक्त अरविंद कुजूर अक्सर विवादों में रहे हैं. मार्च 2014 में एसीबी की टीम ने उत्पाद विभाग के दारोगा विश्वनाथ राम और सिपाही रामलखन राय को गिरफ्तार किया था. दोनो आरोपी ने अपने बयान में आरोप लगाया था कि उन्होंने सहायक आयुक्त कुजूर के लिए 40 हजार रुपये घूस लिए थे. इस आधार पर निगरानी ने कुजूर के खिलाफ मामला दर्ज किया था. छापेमारी के दौरान कुजूर के कार्यालय से पिस्का मोड़ स्थित विदेशी शराब के दुकानदार प्रवीण कुमार का परमिट निगरानी ने बरामद किया था. वहीं घूस की राशि के साथ दारोगा और सिपाही की गिरफ्तारी आयुक्त कार्यालय से की गई थी.




