Palamu

पलामू: स्कूल के पास गिरी आकाशीय बिजली, स्मार्ट क्लास में पढ़ रही 7 छात्राएं हुई बेहोश-कई उपकरण जले

Palamu: जिले के पिपरा प्रखंड के स्तरोन्नत उच्च विद्यालय भवन के समीप गुरुवार की दोपहर लगभग 2.20 बजे आकाशीय बिजली गिरने से 7 छात्राएं बेहोश हो गयी. वहीं कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जल गये. इस संबंध में प्रधानाध्यापिका अनुपमा ज्योति ने बताया कि दोपहर में अचानक तेज बारिश होने लगी. उस समय स्मार्ट क्लास में दसवीं की कई छात्राएं पढ़ रही थी, तभी विद्यालय भवन के पास वज्रपात हुआ, जिससे स्मार्ट क्लास में पढ़ रही सिम्पल कुमारी, लक्की कुमारी, सोनाली कुमारी, चांदनी कुमारी सहित 7 छात्राएं बेहोश हो गयी. वही विद्यालय में अफरा-तफरी मच गयी.
बेहोश हुई छात्राओं का प्राथमिक उपचार किया गया. लगभग आधे घंटे के बाद सभी को होश में लाया जा सका. उनसभी छात्राओं को उनके अभिभावकों के साथ घर भेज दिया गया. उन्होंने बताया कि वज्रपात के कारण मोटर पंप, पंखा, वायरिंग तार, कंप्यूटर, प्रोजेक्टर सहित कई उपकरण जल गया. उन्होंने बताया कि विद्यालय भवन पर तड़ित चालक लगाया गया था. जिसकी कुछ वर्ष पहले चोरी हो गयी थी.

वज्रपात से बचने की चेतानवी जारी

मौसम विभाग ने आज और कल बारिश की संभावना जाहिर की है. 17 सितंबर तक राज्य के कई हिस्सों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है. 16 सितंबर तक के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. राज्य के कई हिस्सों में इस दौरान वज्रपात की संभावना जाहिर की गयी है. राज्य के कई हिस्सों में लोगों से अलर्ट रहने की अपील की गयी है. 17 सितंबर के बाद से किसी तरह का अलर्ट नहीं है लेकिन तबतक लोगों से सतर्क रहने की अपील की गयी है.

वज्रपात से जले हुए उपकरण

Related Articles

Back to top button