
Giridih : बाघमारा के भाजपा विधायक ढुल्लू महतो इन दिनों लगातार गिरिडीह लोकसभा क्षेत्र में अपनी पैठ बना रहे हैं. वह किसी ना किसी कार्यक्रम के बहाने गिरिडीह सांसद रवीन्द्र कुमार पाण्डेय के क्षेत्र में आकर सीधे उन्हें चुनौती दे रहे हैं. गुरुवार को ही ढुल्लू महतो अचानक गिरिडीह लोकसभा क्षेत्र के पीरटांड़ में स्थित पालगंज पहुंच गए. वह पालगंज में एक गणेश पूजा उत्सव में मुख्य अतिथि बतौर आमंत्रित थे. इस मौके का उन्होंने भरपूर लाभ उठाते हुए गिरिडीह सांसद रवीन्द्र कुमार पांडेय को सीधी चुनौती दे दी.
इसे भी पढ़ें- UPA शासनकाल में PM के PS रहे सीनियर IAS का भी झारखंड से मोह भंग
भावी लोकसभा उम्मीदार की तरह कही बातें
बाघमारा विधायक ढुल्लू महतो ने पूजा उत्सव में अपने भाषण से साफ जाहिर कर दिया कि उनका आने का एक स्पष्ट राजनीतिक उद्देश्य है. ढुल्लू महतो ने लोगों से कहा कि पीरटांड़ की जनता किसी भी समस्या पर उनसे सीधे संपर्क करें. उन्होंने पीरटांड़ के विकास में ध्यान देने की बात कही. साथ ही उन्होंने पालगंज मोड़ के शहीद सीताराम उपाध्याय की मूर्ति लगाने का पूरा खर्च निजी तौर पर उठाने की घोषणा कर दी. उन्होंने इसमें तत्काल 10 हजार नकद राशि स्थानीय कमेटी को दी. उन्होंने कहा कि पीरटांड़ में उनका मामा घर है. बाघमारा विधायक ने कहा कि टाईगर फोर्स के प्रमुख बतौर पालगंज आए हैं. अगर पार्टी कहेगी तो गिरिडीह समेत कहीं से भी वह लोकसभा चुनाव लड़ेंगे जैसी बातें कहकर ढुल्लू महतो ने अपनी मंशा भी जाहिर कर दी.
इसे भी पढ़ें- IAS, IPS और टेक्नोक्रेटस छोड़ गये झारखंड, साथ ले गये विभाग का सोफासेट, लैपटॉप, मोबाइल,सिमकार्ड और आईपैड
जिला भाजपा का एक धड़ा ढुल्लू के पक्ष में
जानकारी के मुताबिक गिरिडीह जिला भाजपा का एक धड़ा इस बार लोकसभा चुनाव में ढुल्लू महतो को अपना उम्मीदवार बनाने के पक्ष में काम कर रहा है. जिला और राज्य भाजपा के कई नेता वर्तमान सांसद रवीन्द्र कुमार पांडेय के काम और रवैये से काफी असंतुष्ट हैं. साथ ही गिरिडीह लोकसभा क्षेत्र के अधिकांश जमीनी कार्यकर्ता वर्तमान सांसद से नाखुश चल रहे हैं. इसी का फायदा ढुल्लू महतो को मिल रहा है. सब जानते हैं कि रवीन्द्र पांडेय और ढुल्लू में जबरदस्त प्रतिद्वंदिता है. इसलिए रवीन्द्र पांडेय को ढुल्लू महतो ही टिकट के खेल में मात दे सकते हैं. अभी पिछले दिनों ही माहुरी समाज के एक सम्मेलन में इसी समुदाय से आने वाले गिरिडीह के दो भाजपा नेताओं के निमंत्रण पर ढुल्लू महतो ने शिरकत की थी. इससे चर्चाओं का बाजार और गर्म हो गया था.
इसे भी पढ़ें- NEWSWING IMPACT : शौचालय निर्माण घोटाले पर सीएम सचिवालय ने मांगी लाभुकों की लिस्ट




