
Ranchi: बरियातू रोड स्थित चेशायर होम रोड स्थित 1 एकड़ जमीन की अवैध खरीद मामले में ईडी की विशेष अदालत में केंद्रीय जांच एजेंसी ईडी की ओर से रांची के पूर्व डीसी छवि रंजन, न्यूक्लीयस के मालिक विष्णु अग्रवाल, चर्चित प्रेमप्रकाश समेत 10 लोगों के खिलाफ शुक्रवार को आरोप पत्र दाखिल किया गया. इसके अलावा राजेश राय, भरत प्रसाद,इम्तियाज अहमद,अफसर अली, मोहम्मद सद्दाम, लखन सिंह, पुनीत भार्गव के खिलाफ भी आरोप पत्र दाखिल किया गया है. बता दें कि ईडी ने विष्णु अग्रवाल को पूछताछ के बाद बीते 31 जुलाई को गिरफ्तार किया था जबकि पूर्व डीसी छविरंजन को 4 मई और अन्य लोगों को बीते 14 अप्रैल को गिरफ्तार किया गया था.
ईडी की जांच में पता चला था कि राजेश राय एवं भारत प्रसाद ने गलत तरीके से चेशायर होम रोड की एक एकड़ जमीन पर कब्जा किया था. उक्त जमीन का खाता नंबर 37 , प्लॉट नंबर 28 है. वहीं विष्णु अग्रवाल पर चेशायर होम रोड की 1 एकड़ की जमीन गलत ढंग से खरीदने का आरोप है. ईडी ने अपनी जांच में पाया था कि इस जमीन के मूल दस्तावेज में छेड़छाड़ की गई थी। कोलकाता रजिस्ट्री कार्यालय में रखे मूल दस्तावेज में छेड़छाड़ कर रैयत का नाम बदला गया था. जिसके बाद विष्णु अग्रवाल ने यह जमीन खरीदी थी.
जालसाजी कर मूल दस्तावेज में छेड़छाड़ कर गंगाधर राय को इस जमीन का फर्जी मालिक बनाया गया था. बाद में गंगाधर राय के पोते राजेश राय से यह जमीन खरीद बिक्री की गई थी. ईडी ने जमीन के फर्जी मालिक के पोते राजेश राय और उसके उससे पावर ऑफ अटॉर्नी लेने वाले भरत प्रसाद से पूछताछ की थी. राजेश राय ने ही पुनीत भार्गव को चेशायर होम रोड की जमीन बेची थी. प्रेम प्रकाश के करीबी पुनीत भार्गव ने इस ज़मीन में करोड़ों रुपए का निवेश किया है.
सेना की जमीन खरीद बिक्री मामले में 14 अप्रैल को ईडी ने सात आरोपियों राजस्व कर्मचारी भानु प्रताप, प्रदीप बागची, अफसर अली, इम्तियाज खान तलहा खान, फैयाज खान एवं मोहम्मद सद्दाम को गिरफ्तार किया गया था. दस्तावेज में जालसाजी कर जमीन घोटाला मामला में ईडी अब तक रांची के पूर्व डीसी छवि रंजन सहित 13 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है.




