
Ranchi: संताल परगना बिल्डर्स विवाद प्रकरण में झामुमो ने रविवार को एक फोटो जारी किया. इस पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और प्रथम सीएम बाबूलाल मरांडी से जवाब मांगा है. केंद्रीय कार्यालय, रांची में प्रेस कॉन्फ्रेंस में केंद्रीय महासचिव सह पार्टी प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने फोटो जारी करते उनसे पूछा है कि वे बताएं कि क्या इस मकान को पहचानते हैं. इस मकान का गेट भी काफी भव्य है. बाबूलाल बताएं कि उन्हें इस मकान का स्मरण है कि नहीं. सुप्रियो के मुताबिक इस घर को देखकर निश्चित ही कुछ याद आता होगा. यदि याद आ रहा हो तो संताल परगना बिल्डर्स के बारे में वे बताएं. बताएं कि किनके स्वामित्व का ये घर रहा. बाबूलाल यहां मकान मालिक बनकर रहे, किरायेदार या अतिथि बनकर. सुप्रियो ने उम्मीद जताते कहा कि संभव है कि आज शाम तक ही बाबूलाल जारी फोटो को देखकर इस मकान के बारे में ट्वीटर या अन्य माध्यम से जानकारी साझा करेंगे. इसी घर के अगल बगल में वे आजकल संकल्प यात्रा के बहाने घुम रहे हैं. सुप्रियो के मुताबिक वे बाबूलाल के बारे में रोज एक के बाद एक तथ्य देंगे. ऐसे में वे कितने तथ्यों को छिपाएंगे. बाबूलाल संकल्प यात्रा में घूम घूमकर भ्रामक बातें कर रहे हैं. इस पर कहीं न कहीं तो अब रोक लगानी पड़ेगी.

संतालपरगना बिल्डर्स का सच आए सामने
सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि 26 अगस्त को बाबूलाल मरांडी ने झामुमो द्वारा संताल परगना बिल्डर्स के बारे में उठाए गये मसले पर बातें की. उन्होंने कहा कि इस बिल्डर्स पर सरकार केस करे, संपत्ति अटैच करे. ये बातें अच्छी हैं. लेकिन बाबूलाल ये नहीं बता पाए कि 2005 में यह कंपनी बनी कि नहीं. निदेशक के तौर पर उनके भ्राता करीबी रहे कि नहीं. उनके करीबी सुनील तिवारी की पत्नी निदेशक थी या नहीं. पूरा सच सामने आना चाहिये.
सुप्रियो के मुताबिक गुरुजी की शिक्षा का असर है कि सीएम हेमंत सोरेन कभी भी किसी पर व्यक्तिगत आक्षेप नहीं लगाना चाहते. पर बाबूलाल और भाजपा ने इस मामले में प्रण ले रखा है. भाजपा के अधीन एजेंसियों के माध्यम से दूसरों का चरित्र हनन करना, लोगों के जरिये अनर्गल बातें कहना उनकी आदत बन गयी है. ऐसे में जवाब देने को पार्टी को सामने आना पड़ेगा.
इसे भी पढ़ें: बाबूलाल मरांडी का हेमंत सरकार को चैलेंज- संताल परगना बिल्डर्स कंपनी पर FIR दर्ज कर जब्त करें संपत्ति




