
Gyan Ranjan
Ranchi : मिशन 2024 को लेकर भाजपा ने पूरे देश में एक रणनीति के तहत काम शुरू कर दिया है. झारखंड में भी पार्टी ने इसको लेकर बड़ा बदलाव किया है. पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी को दीपक प्रकाश की जगह पर प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है. पार्टी की नजर झारखंड की सभी 14 लोकसभा सीटों पर है. इसी को ध्यान में रख कर भाजपा ने बाबूलाल मरांडी पर बड़ा दांव खेला है. एकीकृत बिहार के समय से ही बाबूलाल मरांडी ने अपनी कुशल सांगठनिक दक्षता का परिचय दिया है. साल 1996 में दक्षिणी बिहार यानी वनांचल भाजपा का अध्यक्ष बनाया गया था. बाबूलाल मरांडी ने पार्टी को निराश नहीं किया और दक्षिणी बिहार की 14 लोकसभा सीटों में से 12 सीटों पर जीत दर्ज की थी. फिर 1999 में लोकसभा का चुनाव हुआ और भाजपा को 14 में से 11 सीटें मिली थीं. 1998 और 1999 के चुनाव में बाबूलाल मरांडी ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन की दुमका सीट पर विजय रथ को लगातार दो बार रोक कर सुर्खियां बटोरी थीं. वर्ष 2000 में बिहार से झारखंड अलग राज्य बना. बाबूलाल मरांडी की सांगठनिक दक्षता का ही प्रतिफल था कि अलग राज्य बनने के बाद जब कड़िया मुंडा को मुख्यमंत्री बनाने की बात चल रही थी तो पार्टी ने युवा बाबूलाल मरांडी पर भरोसा किया और राज्य की बागडोर उनके हाथों में दी. फिर 2004 में लोकसभा का चुनाव हुआ. भाजपा को इस चुनाव में बुरी तरह से पराजय मिली लेकिन यहां भी बाबूलाल मरांडी ने पार्टी की लाज बचायी और सामान्य सीट कोडरमा से जीत दर्ज की. इस चुनाव में भाजपा को मात्र एक सीट झारखंड में मिली थी. अब जब पूरा देश 2024 के आम चुनाव को लेकर संजीदा है ऐसे में भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व ने बाबूलाल मरांडी पर बड़ा दांव खेला है.
26 फीसदी जनजातीय वोटर को साधने का प्रयास
2024 के लोकसभा चुनावों को देखते हुए बाबूलाल मरांडी को मिली ये जिम्मेदारी काफी अहम मानी जा रही है. झारखंड में सबसे ज्यादा वोटर जनजातीय समुदाय से हैं. 26 प्रतिशत वोट जनजातीय समाज से है. पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा को इस समुदाय के लिए आरक्षित 5 लोकसभा सीट में से तीन सीट पर जीत मिली थी और दो सीट पर हार. जिन तीन लोकसभा सीटों पर भाजपा को जीत मिली थी उसमें जीत का अंतर काफी कम था. लोकसभा चुनाव के कुछ महीने के बाद ही झारखंड विधानसभा का चुनाव हुआ. जनजातीय समुदाय के लिए राज्य की 28 विधानसभा सीटें आरक्षित हैं और भाजपा को मात्र दो सीटें ही मिलीं. इस चुनाव परिणाम के बाद भाजपा ने महसूस किया कि जनजातीय वोट को आकृष्ट किये बिना पार्टी का मिशन सफल नहीं होगा. यही वजह है कि भाजपा ने बाबूलाल मरांडी को प्रदेश अध्यक्ष बना कर जनजातीय वोटर को साधने का प्रयास किया है.
नहीं मिला नेता प्रतिपक्ष का दर्जा तो प्रदेश अध्यक्ष बनाया
2019 के विधानसभा चुनाव के बाद बाबूलाल मरांडी ने अपनी पार्टी झाविमो का भाजपा में विलय कर दिया. बाबूलाल मरांडी के कद का लाभ लेने के लिए भाजपा ने उन्हें विधानसभा में विधायक दल का नेता बनाया. लेकिन पूर्व विधायक राजकुमार यादव, विधायक प्रदीप यादव, दीपिका पाण्डेय सिंह ने इनके खिलाफ स्पीकर की कोर्ट में दल बदल का मामला दायर किया. अभी इस पर स्पीकर के न्यायाधिकरण का फैसला नहीं आया है. मामला न्यायाधिकरण में है इसलिए इन्हें अबतक विधायक दल के नेता का दर्जा नहीं मिला है. भाजपा ने और इंतजार नहीं करते हुए झारखण्ड भाजपा की जिम्मेदारी बाबूलाल मरांडी को दे दी है.
बाबूलाल का राजनीतिक सफ़र
बाबूलाल मरांडी झारखंड के वरिष्ठ नेता हैं. उनका जन्म जनवरी 1958 को गिरिडीह में हुआ था. गिरिडीह कॉलेज से उन्होंने ग्रेजुएशन की डिग्री ली. उन्होंने एक साल तक प्राथमिक शिक्षक के रूप में काम किया. इसके बाद वो आरएसएस से जुड़े. साल 1983 में उन्हें संथाल परगना के विश्व हिंदू परिषद के संगठन मंत्री की जिम्मेदारी मिली. साल 1991 में बाबूलाल भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए. लोकसभा चुनाव 1991 में उन्होंने दुमका सीट से चुनाव लड़ा. लेकिन वो हार गये. 1996 लोकसभा चुनाव में वो फिर दुमका सीट से उम्मीदवार बने. इस बार वो महज 5 हजार वोट से दोबारा हारे. साल 1996 में बीजेपी ने उन्हें वनांचल क्षेत्र का अध्यक्ष बनाया. इसके बाद साल 1998 में उन्होंने दुमका सीट पर जीत दर्ज की. 1999 में वो फिर जीतकर सांसद बने. अटल सरकार में बाबूलाल मरांडी वन पर्यावरण राज्यमंत्री बने. साल 2000 में वो झारखंड के पहले मुख्यमंत्री बने. 2003 में उन्होंने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया. 2004 में वह कोडरमा सीट से चुनाव लड़े और जीते. 2006 में बीजेपी छोड़ कर नयी पार्टी झारखंड विकास मोर्चा का गठन किया. 2006 में कोडरमा सीट पर हुए उपचुनाव वो निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में लड़े और जीत हासिल की. 2009 में कोडरमा सीट से बतौर जेवीएम उम्मीदवार लड़े और जीत हासिल की. 2014 में उन्होंने दुमका सीट से चुनाव लड़ा लेकिन हार गए. 2014 विधानसभा चुनाव में भी उन्हें हार मिली. 2019 के लोकसभा चुनाव में कोडरमा से चुनाव लड़ा और हार गए. 2019 के विधानसभा चुनाव में बाबूलाल मरांडी की पार्टी जेवीएम ने अकले चुनाव लड़ा था. इस चुनाव में उन्हें सिर्फ तीन सीटों पर ही जीत मिली. इसके बाद उन्होंने एक बार फिर से बीजेपी में जाने का फैसला किया और पार्टी ने तीन विधायकों में से दो बंधु तिर्की और प्रदीप यादव को निलंबित कर दिया और पार्टी का विलय बीजेपी में कर दिया.
इसे भी पढ़ें – बाबूलाल मरांडी को चैलेंज नहीं मान रहा झामुमो, मिशन 2024 में सभी लोकसभा सीटों पर जीत का दावा



