
Koderma: सोमवार की सुबह जिले में हुई भारी बारिश से आम जनजीवन बेहद प्रभावित नजर आया. इसका असर रेल परिचालन पर भी पड़ा. बीती रात 3ः35 बजे हुई भारी बारिश की वजह से गया-कोडरमा रेलखंड के घाट सेक्शन के बसकटवा स्टेशन में आनंद विहार-पुरी नीलांचल एक्सप्रेस (12876) रुक गई. अत्यधिक बारिश और चढ़ाई होने के कारण गाड़ी आगे चल नहीं पा रही थी. इसकी सूचना मिली तो परिचालन सुचारू करने के लिए रेल अधिकारी रेस हुए. नीलांचल एक्सप्रेस के रुक जाने के कारण कुछ ट्रेनों को जहां-तहां खड़ा करना पड़ा, जबकि डाउन लाइन पर परिचालन तीन घंटे तक बाधित रहा.
इसे भी पढ़ें:झामुमो केंद्रीय समिति की बैठक कल, आगामी लोकसभा चुनाव समेत कई एजेंडों पर होगी चर्चा
रेल सूत्रों के अनुसार 12876 आनंद विहार-पुरी नीलांचल एक्सप्रेस गया से रात 2ः55 बजे खुलने के बाद घाट सेक्शन के बसकटवा स्टेशन के पास पहुंची. यहां काफी बारिश के कारण किलोमीटर 417/12 के पास 3ः35 बजे ट्रेन रूक गई. ज्यादा चढ़ाई होने के कारण गाड़ी आगे चल नहीं पा रहा थी. ऐसे में लोको पायलट ने गाड़ी को आगे चलाने के लिए कंट्रोल रूम से बैंकर (इंजन) लगाने की मांग की. सुबह करीब 5ः50 बजे ट्रेन में बैंकर लगाकर परिचालन को सुचारू किया गया.
नीलांचल एक्सप्रेस के रुकने के कारण उसके पीछे चल रही गाड़ी संख्या 12314 नई-दिल्ली सियालदह राजधानी एक्सप्रेस पहाड़पुर स्टेशन पर सुबह 4ः40 से 7ः08 बजे तक, गाड़ी संख्या 12302 नई दिल्ली हावड़ा राजधानी एक्सप्रेस टनकुप्पा स्टेशन पर 6ः11 से 7ः11 बजे तक और गाड़ी संख्या 20818 नई दिल्ली भुवनेश्वर राजधानी एक्सप्रेस बंधुआ स्टेशन पर 6ः19 से 6ः24 बजे तक खड़ी रही. इसके अलावा दर्जन भर मालगाड़ियों का परिचालन भी प्रभावित हुआ.
रेलवे सूत्रों ने बताया नीलांचल एक्सप्रेस के लोको पायलट ने ट्रेन रुकने के बाद बैंकर की मांग की और फिर मना कर दिया. इसके दस मिनट बाद 4:45 बजे फिर बैंकर की मांग लोको पायलट ने की. इसके बाद 5:50 में बैंकर को जोड़कर 5:54 बजे ट्रेन को आगे ले जाया जा सका. रेल परिचालन पर हुए असर का कारण कंट्रोल कम्यूनिकेशन में फेल्योर और बसकटवा के पास होम सिग्नल के फेल्योर को भी माना जा रहा है. बता दें कि घाट सेक्शन में इस मौसम में भारी बारिश व भूस्खलन के कारण रेल परिचालन पर असर होता रहता है.




