Crime NewsJharkhandJharkhand StoryPalamu

पलामू:  खेत में अवैध तरीके से लगाए गए बिजली तार की करंट की चपेट में आने से किशोरी की मौत

Palamu: जिले के मोहम्मदगंज थाना क्षेत्र के पोटो (भजनिया) गांव में सोमवार सुबह अवैध तरीके से खींचे हुए विद्युत के नंगे तार की चपेट में आने से गांव के ही अरविंद पासवान की 14 वर्षीया पुत्री ममता कुमारी की मौत हो गई. घटना की सूचना मिलने पर परिजन घर के पास खेत में अचेता अवस्था में पड़े हुए ममता को देखा. आनन फानन में उसे हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने ममता को मृत घोषित कर दिया.
इसे भी पढ़ें: पलामूः माओवादियों की साजिश को पुलिस ने किया विफल, बारूदी सुरंग बरामद

मृतका की मां गुंजन देवी और दादी आशा कुंवर ने बताया कि ममता अहले सुबह घर से बाहर खेत की ओर निकली थी. खेत के बाड़े में अवैध तरीके से प्रवाहित विद्युत तार के करंट की चपेट में आ गई. उक्त खेत गांव के ही प्रमोद मेहता का बताया जाता है, जिसके चारो ओर नंगे तार में करंट प्रवाहित था.

घटना की सूचना मिलने पर मोहम्मदगंज थाना के एसआई आशीष कुमार व एएसआई बिपिन ठाकुर पुलिस बल के साथ घटना स्थल पहुंचे और परिजनों से घटना की विस्तृत जानकारी ली. साथ ही पुलिस ने मौके से अवैध तरीके से विद्युत प्रवाहित नंगे तार को जब्त कर लिया है और मृतका के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल में भेज दिया है.
एसआई आशीष कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है. मृतका के परिजनों द्वारा लिखित आवेदन के बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी.

Related Articles

Back to top button