
Dhanbad: बिहार के बालू खनन में हुए घालमेल में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने सोमवार की अहले सुबह धनबाद में ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू की जो आज मंगलवार दूसरे दिन भी जारी है. छापेमारी के 30 घंटे से अधिक समय हो गया है लेकिन ईडी की छापेमारी जारी है. टीम बालू खनन से जुड़े तमाम कागजात खंगाल रही है. नकद, गहने, बैंक खाते, निवेश के दस्तावेज के साथ-साथ बंगले, गाड़ी और जमीन के पेपर व अन्य चल-अचल संपत्तियों का ब्योरा जुटाया जा रहा है. आरोपियों के घर का चप्पा-चप्पा खंगाला गया. ईडी की छापेमारी जगनारायण सिंह, पुंज सिंह, सुरेंद्र जिंदल, अशोक जिंदल, रितेश शर्मा, मिथिलेश सिंह के ठिकानों पर हुई है. ईडी की जांच अभी पूरी नहीं हुई है, किसके यहां से क्या मिला है, यह तो अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है, लेकिन चर्चा के मुताबिक दो-तीन लोगों के ठिकानों से नगदी बरामद होने की सूचना है. हालांकि, ईडी के तरफ से अभी तक कोई बयान जारी नहीं हुआ है कि छापेमारी में क्या क्या बरामद हुआ है.
मालूम हो कि ईडी की टीम धनबाद के साथ-साथ जदयू एमएलसी राधाचरण साह उर्फ सेठ के पटना वीरचंद पटेल स्थित सरकारी आवास, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के करीबी दानापुर निवासी सुभाष यादव तथा हजारीबाग निवासी झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन के पूर्व उपाध्याक्ष संजय सिंह के हजारीबाग, पटना, आरा के कोइलवर के कुल 24 ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.
ईडी पटना की अलग-अलग टीमों ने धनबाद में आठ ठिकानों पर दी है दबिश
सोमवार की अहले सुबह ईडी पटना की अलग-अलग टीमों ने धनबाद जिले में बालू कारोबारियों के आठ ठिकानों पर दबिश दी. बालू कारोबारी सोए हुए ही थे कि ईडी की टीम उनके घरों में दबिश दे दी. कई जगह पर तो अभी गेट भी नहीं खुले थे लेकिन चहारदीवारी फांद कर ईडी की टीम अंदर प्रवेश की और सोए लोगों को उठाकर बताया कि जांच को ईडी की टीम पहुंची है. धनबाद में ईडी की छापेमारी बालू खनन से जुड़ी ब्राडशन कम्युडिटी प्राइवेट लिमिटेड व मोर मुकुट मार्केटिंग प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के डायरेक्टर पुंज सिंह, कंपनी के साझेदार सुरेंद्र जिंदल, जगनरायण सिंह उर्फ जगन सिंह और मिथिलेश सिंह के अलावा टीपी सिंह, बिल्डर सह अलौकिक ग्रुप के सीईओ रितेश शर्मा के घर और ऑफिस को ईडी की टीम खंगाल रही है. साथ ही सुरेंद्र जिंदल के भाई अशोक जिंदल के घर और ऑफिस को ईडी की टीम खंगाल रही है. साथ ही साथ उनके चार्टर्ड अकाउंटेंट के कार्यालय को भी ईडी की टीम ने खंगाला है.
ईडी की टीम बंगले में प्रवेश करते ही गार्ड सहित घर के सभी लोगों का मोबाइल जब्त कर लिया. जहां जहां छापेमारी हो रही है, वहां सीआरपीएफ के जवान तैनात हैं. घर में किसी के प्रवेश की अनुमति नहीं है. सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक ईडी के हाथ कई महत्वपूर्ण दस्तावेज लगे हैं, जिसे खंगाला जा रहा है. सूचना यह भी मिली है कि अलौकिक हाउसिंग सोसाइटी के एक बंगले से ईडी को बड़ी रकम मिली है. हालांकि अभी तक ईडी ने इसकी पुष्टि नहीं की है. ईडी की दो वाहन अभी भी अलौकिक ग्रुप के सीईओ रितेश शर्मा के घर के बाहर खड़ी है. साथ ही पूंज सिंह और मिथलेश सिंह के घर पर भी ईडीकी टीम मौजूद है. सिंदरी में अशोक जिंदल और धनबाद में सुरेंद्र जिंदल के आवास पर भी ईडी की कार्यवाही जारी है. सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, जगनरायण सिंह उर्फ जगन सिंह के चाटर्ड एकाउंटेंट आरके पठानिया के कार्यालय से ईडी को महत्वपूर्ण दस्तावेज हाथ लगे हैं.
बिहार में बालू उत्खनन से जुड़ा है मामला
बिहार में बालू का उत्खनन करने वाली कंपनी ब्रॉडसन और आदित्य मल्टीकॉम से ईडी की कार्रवाई जुड़ा हुआ हैं. वर्ष 2021 में पहली बार बिहार में अवैध बालू खनन के मामले में कार्रवाई शुरू हुई थी. 1 मई 2021 से बालू खनन बंद होने के बावजूद बिहार के कई जिलों में अवैध उत्खनन और बेचे जाने की सूचना मिल रही थी. राज्य सरकार ने इस पूरे खेल में शामिल लोगों की पहचान के लिए जांच शुरू कराई. आर्थिक अपराध इकाई ने छह जिलों पटना, भोजपुर, औरंगाबाद, सारण, रोहतास और कैमूर(भभुआ) में अपना ऑपरेशन शुरू की.
आर्थिक अपराध इकाई ने ग्राउंड लेबल पर काम करने के बाद अवैध खनन, राज्य और जिला स्तर के अफसरों, संदिग्धों, बिलौलियों, अपराधियों और लोकल बाहुबलियों की पूरी स्कैनिंग शुरू की और उनसे जुड़ी टेक्निकल साक्ष्य जुटाए. ऑपरेशन में अवैध खनन में कारोबारी पुंज सिंह और सुभाष यादव के भी नाम का खुलासा हुआ है जो सीधे जिले के एसपी के संपर्क में थे.
आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) की जांच में ब्रॉडसन के निदेशक रहे पुंज सिंह, बबन सिंह, सुरेंद्र जिंदल, मिथिलेश सिंह, अशोक कुमार, एमएलसी राधाचरण साह और सुभाष यादव, वहीं आदित्य मल्टीकॉम के निदेशक जगनारायण सिंह और सतीश कुमार सिंह के नाम सामने आए हैं. दोनों कंपनियां कोलकाता के पते पर रजिस्टर्ड हैं और बिहार में पटना, भोजपुर, औरंगाबाद, सारण, रोहतास और कैमूर में बालू खनन का काम करती रही हैं. ईओयू की रिपोर्ट के आधार पर ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग एंगल से जांच व कार्रवाई शुरू की है. रिपोर्ट में तीन दर्जन लोकसेवकों के भी नाम आए हैं, जिनके खिलाफ भी जांच जारी है.
2017 में रडार पर आए थे बालू के धंधेबाज
वर्ष 2017 में बिहार सरकार ने बिहार के 18 बालू घाटों की नीलामी की थी. पटना, छपरा और आरा में बालू खनन का पट्टा ब्राडशन कम्युडिटी प्राइवेट लिमिटेड व मोर मुकुट मार्केटिंग प्राइवेट लिमिटेड कंपनी को दिया गया था. बालू घाटों से बालू खनन में भारी अनियमितता बरती गई थी. तत्कालीन उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी ने आरोप लगाया था कि रोक के बावजूद लालू के करीबी सुभाष यादव और उनके पार्टनर बालू घाटों से बालू उठवा रहे हैं. इस मामले में पटना के बिहटा में वर्ष 2017 में दो एफआईआर दर्ज की गई थी. इसी मामले में 24 अगस्त 2017 को पटना से बिहार पुलिस की एसआईटी पुंज को पकड़ने धनबाद आई थी.
धनबाद में ईडी ने यहां-यहां दी दबिश
जगनारायण सिंह उर्फ जगन सिंह के बेकारबांध फोरेस्ट कॉलोनी स्थित आवास, जगनारायण सिंह के कंबाइंड बिल्डिंग में सिटी सेंटर में दो कार्यालय, जगनारायण सिंह के पिता नौरंगदेव सिंह के एलसी रोड स्थित आवास, पुंज सिंह के मेमको के पास अलौकिक कासा में स्थित आवास, मिथिलेश सिंह के मेमको के पास अलौकिक कासा में स्थित आवास, सुरेंद्र जिंदल का धैया चनचनी कॉलोनी स्थित आवास, अशोक जिंदल के सिंदरी में नूतनडीह स्थित आवास, और संजय सिंह के हजारीबाग स्थित आवास पर कार्रवाई.
इसे भी पढ़ें: चक्रधरपुर विधानसभा क्षेत्र के जोजोडीह टोला में ग्रामीणों ने सड़क,पेयजल समेत अन्य समस्याओं को लेकर की बैठक




