
Ranchi: फेमस टूरिस्ट स्पॉट नेतरहाट (लातेहार) के नाशपाती का जायका लेने और इससे कमाई करने का मौका सरकार दे रही है. इसके लिए बाकायदा इच्छुक लोगों को टेंडर प्रक्रिया और इसके बाद नीलामी प्रक्रिया में शामिल होने का अवसर दिया जा रहा है. ये नाशपाती बागान जंगल वारफेयर स्कूल, नेतरहाट परिसर में हैं. तीन हिस्सों में यह बागान (सीएलआई आवास के सामने बागान ए, मैगज़ीन सुरक्षा गार्ड क्षेत्र, बागान बी और नाला के उस पार पूर्वी भाग में बागान सी) हैं जिनमें कुल 570 नाशपाती फल के पेड़ लगे हैं. इन पेड़ों में लगे फलों को तोड़ने के लिए 31 मई को जंगल वारफेयर स्कूल, नेतरहाट के एडमिनिस्ट्रेटिव बिल्डिंग में नीलामी होगी. इससे पहले 30 मई तक इच्छुक लोगों को टेंडर डालना होगा.
इन शर्तों को भी जानना जरूरी
नाशपाती बागान से फलों को तोड़ने का अधिकार उसे ही मिलेगा जो नीलामी में सबसे अधिक बोली लगाएगा. अधिकतम बोली लगाने वाले को नीलामी राशि का 50 प्रतिशत हिस्सा पुलिस उप महानिरीक्षक सह प्राचार्य के कार्यालय में जमा करने होंगे. ऐसा नहीं करने पर उसकी जमानत राशि जब्त कर ली जाएगी और नीलामी रद्द कर दी जाएगी. फल तोड़े जाने के पूर्व नीलामी की शेष राशि को एकमुश्त जमा करना होगा. नाशपाती के बागान ए के लिए नीलामी की न्यूनतम राशि 3 लाख रुपये, बागान बी के लिए 66 हजार 500 और बागान सी के लिए 5 लाख 12 हजार 345 रुपया रखा गया है. अधिकतम बोली वाले व्यक्ति को फलों की देखभाल एवं सुरक्षा करने का दायित्व स्वयं लेना होगा. फल तोड़ते समय ध्यान देना होगा कि फल के पेड़ या डाली को नुकसान ना हो वर्ना मुआवजा वसूल किया जाएगा.




