
Ranchi: देवघर में बाबा बैजनाथ मंदिर के निकट क्यू कंपलेक्स के फेज दो का निर्माण जल्द कराने को लेकर सांसद निशिकांत दुबे की जनहित याचिका की सुनवाई शुक्रवार को झारखंड हाईकोर्ट में हुई. सुनवाई के दौरान प्रार्थी की ओर से बताया गया नवयुग कंपनी को सरकार की ओर से एक चिट्ठी भेजा गया है जिसमें बताया गया है कि उनके द्वारा जो प्रस्ताव दिया गया उसे मंत्रिपरिषद के पास भेज दिया गया है. अभी तक इसका जवाब नहीं आया है. इस पर कोर्ट ने प्रार्थी को सरकार की चिट्ठी को कोर्ट के रिकॉर्ड पर लाने का निर्देश दिया. वही मामले में राज्य सरकार की ओर से जवाब दाखिल करने के लिए फिर से समय की मांग की गई. हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस संजय कुमार मिश्र की अध्यक्षता वाली खंडपीठ ने मामले की सुनवाई 5 मई निर्धारित की है.
इसे भी पढ़ें: कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के खिलाफ पीड़क कार्रवाई पर रोक जारी, अगली सुनवाई 12 मई को
राज्य सरकार की ओर से अपर महाधिवक्ता सचिन कुमार ने पैरवी की. पूर्व में हुई सुनवाई के दौरान प्रार्थी के अधिवक्ता शिवानी जालुका की ओर से कोर्ट को बताया गया था कि बाबा बैजनाथ मंदिर, देवघर के लिए क्यू कंपलेक्स के दूसरे फेज का निर्माण कार्य चल रहा है. इसमें केंद्र सरकार की ओर से अपने अंशदान के रूप में 25 करोड़ रुपए की राशि दे दी गई है. लेकिन राज्य सरकार की ओर से भी अपने हिस्से का फंड उपलब्ध नहीं कराया गया है. नवयुग कंपनी लिमिटेड ने सीएसआर स्कीम के तहत क्यू कंपलेक्स के द्वितीय फेज के निर्माण के लिए अपने स्तर से 120 करोड़ देने को लेकर सरकार को पत्र लिखा है. नवयुग कंपनी के इस पत्र राज्य सरकार ने निर्णय नहीं लिया है. राज्य सरकार के पास यह पत्र अभी भी लंबित है.
कोर्ट को यह भी बताया गया कि देवघर में बाबा मंदिर के निकट क्यू कंपलेक्स का निर्माण 3 फेज में किया जा रहा है. वर्ष 2011 में इसकी स्वीकृति दी गई थी. क्यू कंपलेक्स के पहले फेज का निर्माण पूरा हो चुका है. अब द्वितीय फेज का निर्माण कार्य पूरा होना है. बता दें कि सांसद निशिकांत दुबे ने अपनी याचिका में कहा है कि देवघर बाबा मंदिर में दर्शन करने हर साल लाखों श्रद्धालु आते हैं. क्यू कंपलेक्स बनने से श्रद्धालुओं को काफी राहत होगी. जन भावना को देखते हुए इसका निर्माण कार्य जल्द किया जाना चाहिए. सावन के माह में क्यू कंपलेक्स के रहने से लोगों की समस्या कम होगी.




