
Ranchi: सीसीएल ऑडिटोरियम, दरभंगा हाउस में गुरुवार को 272 युवाओं को केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, सांसद और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश और अन्य के हाथों नियुक्ति पत्र मिला. इसमें सबसे अधिक सरकारी नौकरी रांची रेलवे (146) औऱ चक्रधरपुर डिवीजन (93) यानि इन दोनों डिवीजनों में प्रतियोगी परीक्षाओं और अन्य प्रक्रियाओं के आधार पर चुने गये 239 युवाओं को नौकरी मिली. जिन्हें लेटर मिला, उन्होंने खुशी जताते इस ऐतिहासिक पल को यादगार बताया. मौके पर अर्जुन मुंडा ने कहा कि केंद्र सरकार लगातार युवाओं के उत्थान, बेहतरी के लिए प्रयास कर रही है. इस दौरान विधायक सीपी सिंह, समरी लाल के अलावा डीआरएम प्रदीप गुप्ता, एडीआरएम, सीपीआरओ निशांत कुमार सहित रेलवे और अन्य विभागों के प्रमुख अधिकारी भी उपस्थित थे.

इन विभागों में भी मिली नौकरी
रोजगार मेले में रांची और चक्रधरपुर रेलवे डिवीजनों के अलावा पोस्टल डिपार्टमेंट (07), झारखंड रूरल बैंक (6), पीएनबी (5), नाबार्ड और रक्षा मंत्रालय के स्टोर डिपार्टमेंट (4-4), जीएसआई (2), सीआरपीएफ, इएसआईसी, सीएसई, यूबीआई, एनबीएस (1-1) में ज्वाइनिंग लेटर बांटे गये. दरअसल गुरुवार को दिल्ली में पीएम नरेंद्र मोदी के हाथों रोजगार मेला में 71 हजार नियुक्ति पत्र का वितरण हुआ. इसी कड़ी में राज्य के 272 युवाओं को भी पत्र बांटे गये. पीएम के प्रोग्राम से झारखंड की टीम ऑनलाईन जुड़ी हुई थी. पीएम के हाथों शुभारंभ होने के बाद रांची में लेटर दिए गये.
इसे भी पढ़ें: ED Raid: भानू प्रताप चलाता था जमीन दलाली का सिंडीकेट, दो बार ACB ने भी किया था गिरफ्तार




