
Ranchi: राज्य में वन विभाग नगर वन की योजना पर काम कर रहा है. प्रधान मुख्य वन संरक्षक सह वन बल प्रमुख डॉ संजय श्रीवास्तव ने मंगलवार को पलाश भवन, डोरंडा में अंतरराष्ट्रीय वन दिवस के अवसर पर आयोजित ऑल इंडिया स्प्रिंग आर्ट कैंप “प्रकृति” कार्यक्रम में यह बात कही. वन विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में बताया कि झारखण्ड के शहरों में 36 जगहों पर नगर वन विकसित करने का कार्य किया जा रहा है. इससे 2-4 हेक्टेयर जमीन पर हरियाली दिखेगी. जंगल का स्वरूप आकार लेगा. साथ ही पूरे राज्य में नदियों के किनारे भी लगभग 134 किमी की लम्बाई में पेड़़ लगाये जाएंगे.
इसे भी पढ़ें: Ranchi: OTC ग्राउंड में 22 मार्च से शतचंडी महायज्ञ, 31 मार्च को महाभण्डारा
इस मौके पर अपर मुख्य मुख्य वन संरक्षक, कैम्पा संजीव कुमार सहित अन्य भी उपस्थित थे. इस दौरान झारखंड के विभिन्न जिलों से आए वन सुरक्षा समिति के सदस्यों को प्रशस्तिपत्र देकर सम्मानित भी किया गया. सुरक्षा समिति के सदस्यों एवं विभिन्न राज्यों से आये कलाकारों और वन संरक्षण की दिशा में कार्य कर रहे लोगों ने अपने-अपने अनुभव भी साझा किए.
6 माह में 5 पेड़ लगाने का लें संकल्प
संजय श्रीवास्तव ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय वन दिवस के अवसर पर हम सब आने वाले 6 महीनों में 5 पेड़ अवश्य लगाने का संकल्प लें. उन्हें अपने पूर्वजों को समर्पिंत करें ताकि हमारी संवेदना उन पेड़ों से जुड़ी रहे. उनकी देखभाल अच्छी तरह से हो. झारखण्ड एक वन संपन्न प्रदेश है. लेकिन हमारे सामने कई चुनौतियां हैं. झारखण्ड में जलवायु परिवर्तन चिंता का विषय है. भूमि की उपजाऊ शक्ति में भी झारखण्ड सबसे नीचे है. इस दिशा में हमें काम करने की जरुरत है. हम पूरी तरह से जंगल पर निर्भर हैं. लगभग 95 प्रतिशत खाने के सामान से लेकर 75 प्रतिशत दवाई बनाने के उत्पाद वनों से ही आते हैं. हमें वनों के संरक्षण एवं विकास पर ध्यान देना होगा.
2 वर्षों में 2 प्रतिशत वन की हुई है वृद्धि
संजीव कुमार ने बताया कि वन का महत्व सभ्यता की शुरुआत से है. वर्तमान में जलवायु परिवर्तन की समस्या से वन का महत्व और अधिक बढ़ गया है. हमें वन के विकास एवं संरक्षण पर ध्यान देने की ज़रूरत है. वन विभाग लगातार इस ओर प्रयासरत है. इसी का नतीजा है कि वर्ष 2021 की 17वें रिपोर्ट में झारखंड में 110 वर्ग किमी वन क्षेत्र बढ़ा है. झारखंड देश के उन राज्यों में शामिल है, जहाँ पिछले 2 वर्ष में 2 प्रतिशत वन की वृद्धि हुई है. उन्होंने कहा कि वन विभाग वन की वृद्धि, जल का संरक्षण एवं वन क्षेत्र में रहने वाले लोगों के लिए वन पर आधारित जीविका के लिए प्रयत्नशील है. उन्होंने बताया कि 22 मार्च को वॉटर डे भी मनाया जाएगा.
चित्रकला के जरिये जागरूकता
ऑल इंडिया स्प्रिंग आर्ट कैम्प “प्रकृति” में देश के विभिन्न राज्यों से आए बच्चों एवं राष्ट्रीय स्तर के कलाकारों द्वारा तीन दिनों तक वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तण के विषय पर चित्र बनाकर प्रदर्शित किया जा रहा है. चित्रकार अपनी चित्रकला के माध्यम से लोगों को वनों के संरक्षण हेतु जागरूक करने का काम कर रहे हैं.




