
Ranchi: पहली हॉकी इंडिया ईस्ट जोन जूनियर महिला एवं पुरुष राष्ट्रीय हॉकी चैंपियनशिप 2023 रविवार से खुंटी के एस्ट्रो टर्फ ग्राउंड में शुरू हुआ. इस प्रतियोगिता में 6 राज्यों के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं. आज खेले गये एक मैच में झारखंड की महिला हॉकी टीम ने बिहार की टीम को 11 – 0 (Pool A) से रौंद कर जीत के साथ शुरूआत की. इसमें प्लेयर ऑफ द मैच झारखंड जूनियर महिला टीम की कप्तान खूंटी जिले की एडलिन बागे को मिला. एक अन्य मैच में हॉकी मिजोरम ने बंगाल को 18-0 से पराजित कर दिया. इस मैच में प्लेयर ऑफ द मैच मिजोरम की कप्तान लालथन लुआंगी को मिला.
इससे पहले 19 मार्च से 26 मार्च तक खूंटी के एस्ट्रो टर्फ हॉकी स्टेडियम में खेले जाने वाले हॉकी इंडिया ईस्ट जोन जूनियर महिला एवं पुरुष राष्ट्रीय हॉकी चैंपियनशिप 2023 का शुभारंभ डीसी शशि रंजन और एसपी ने किया. इस दौरान डीडीसी, एसडीओ के अलावे प्रमुख रूप से हॉकी इंडिया के महासचिव सह अध्यक्ष हॉकी झारखंड भोला नाथ सिंह, हॉकी झारखंड के महासचिव विजय शंकर सिंह, हॉकी झारखंड के CEO रजनीश कुमार, हॉकी खूंटी के अध्यक्ष अशोक भगत और अन्य भी विशेष रूप से शामिल हुए.
विश्व स्तर पर होगी खूंटी की पहचान
शशि रंजन ने उद्घाटन समारोह में कहा कि खूंटी जिले में हॉकी चैंपियनशिप का आयोजन स्वर्णिम अवसर है. सफल आयोजन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा हॉकी झारखंड के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य किया जा रहा है. सभी के सामूहिक समन्वय से यह आयोजन खूंटी जिले में सफल बन रहा है. धरती आबा की शौर्य भूमि खूंटी महान हॉकी खिलाड़ी मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा की पावन भूमि है. हर्ष का विषय है कि खूंटी आज विश्व पटल पर अपनी पहचान बनाने की दिशा में अग्रसर है. इस प्रतियोगिता के जरिये कई उभरते खिलाड़ियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा. खूंटी का ब्लू एस्ट्रो टर्फ अंतर्राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप बनाया गया है. आगे सभी प्रखंडों में एस्ट्रो टर्फ बनाए जाने की तैयारी है. इससे हमारे स्थानीय प्रतिभावान खिलाड़ियों को उचित अवसर मिलेंगे. वे विश्व पटल पर अपनी पहचान बनायेंगे. इस दौरान एसपी ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया. कहा कि यदि हौसला है तो मुट्ठी में आसमान है.
हॉकी इंडिया के महासचिव ने अपने स्वागत संबोधन में सभी अतिथियों का स्वागत किया. कहा कि इस आयोजन को सफल बनाने में जिला प्रशासन खूंटी का पूर्ण योगदान है. प्रत्येक स्तर पर उपायुक्त के नेतृत्व में आयोजन सफल बना है.




