
Giridih : गिरिडीह स्टेडियम में नेहरू युवा केन्द्र के दो दिवसीय खेल-कूद प्रतियोगिता का समापन बुधवार को हुआ. जिला स्तरीय प्रतियोगिता में इस दौरान कई प्रखंड की टीमों ने हिस्सा लिया. इस दौरान प्रतियोगिता में फुटबॉल, कबड्डी, दौड़, भाला फेंक, वॉलीबॉल समेत कई स्पोर्ट्स कराये गये. प्रतियोगिता में शामिल प्रतिभागियों के विनर और रनर की घोषणा भी समापन समारोह में हुई. जिसमें फुटबॉल में सदर प्रखंड के नगीना स्पोर्टिंग क्लब जहां पहले स्थान पर रहा, तो पीरटांड़ क्लब रनर घोषित किया गया. कबड्डी प्रतियोगिता में बालक वर्ग में स्वामी विवेकानंद क्लब विनर घोषित किया गया, तो उपविजेता टीम पीरटांड़ बनी. भाला फेंक प्रतियोगिता में दिलकेशवर हांसदा को प्रथम, दूसरे स्थान पर पंकज रजक और तृतीय स्थान पर प्रेम कुमार घोषित किये गये. दौड़ में बालिका वर्ग में धनबाद के केन्दुआगढ़ा की सृष्टि कुमारी प्रथम स्थान पर रहीं, तो दूसरे स्थान पर अवंति कुमारी और तीसरे स्थान पर ज्योति कुमारी के नाम की घोषणा हुई. इस बीच दो दिवसीय प्रतियोगिता के अंतिम दिन विनर और रनर प्रतिभागियों को मोमेंटो और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया. इधर प्रतियोगिता की तारीफ करते हुए सदर प्रखंड के उप प्रमुख कुमार सौरभ और भाजपा नेता रंजीत राय ने कहा कि नेहरू युवा केन्द्र ने दो दिनों की प्रतियोगिता में ग्रामीण इलाके के प्रतिभागियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का पूरा मौका दिया. एनवाईके के इस प्रतियोगिता में ग्रामीण इलाकों के प्रतिभागियों ने भी दमदार प्रदर्शन किया. कहा कि ऐसे प्रतियोगिता का आयोजन केन्द्र सरकार द्वारा कराने का मकसद सिर्फ युवाओं की प्रतिभा को सामने लाना है. इधर प्रतियोगिता को सफल बनाने में नेहरू युवा केन्द्र के लंबोदर कुमार, सत्यम कुमार, चंचल कौशिक, प्रेमजीत कुमार और सुभाष कुमार ने महत्पूर्ण भूमिका निभायी.
इसे भी पढ़ें – रामगढ़ उपचुनाव में महागठबंधन प्रत्याशी की जीत को लेकर रांची में मंथन, सीएम से मिले बजरंग महतो



