Breaking NewsJharkhandNEWSRanchi

रांची : कांटाटोली फ्लाई ओवर निर्माण कार्य के दौरान हादसा, क्रेन पलटने से अभियंता की मौत

Ranchi : राजधानी रांची के कांटाटोली फ्लाई ओवर निर्माण कार्य के दौरान क्रेन पलटने से एक अभियंता की मौत हो गई. मृतक अभियंता का नाम चुरामणि है. इस घटना के बाद से मृतक अभियंता के परिजनों में आक्रोश है और मुआवजा की मांग कर रहे हैं. इस मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस जांच में जुटी हुई है.

खबर के मुताबिक अभियंता चुरामणि क्रेन के बगल से गुजर रहे थे. तभी क्रेन अनियंत्रित होकर चुरामणि के ऊपर गिर गया, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई. मृतक अभियंता गुमला जिले के रहने वाले थे. फिलहाल रांची के बरियातू इलाके में रहते थे.

बताया जाता है कि मृतक चुरामणि अपने मोबाइल से बात करते हुए जा रहे थे जिसके बाद यह हादसा हुआ है. यह मामला नामकुम थाना क्षेत्र स्थित दुर्गा सोरेन चौक के समीप एक गोदाम है, जहां पर कांटाटोली फ्लाई ओवर निर्माण के लिए सारा सामान तैयार किया जाता है. इसी गोदाम में फ्लाई ओवर निर्माण से संबंधित पाइलिंग का काम किया जाता है, जिसके बाद यहां से कांटाटोली भेजा जाता है. इस घटना के बाद से सभी कर्मचारी गोदाम से फरार हो गए.

हादसे में सुपरवाइजर भी घायल, रिम्स में भर्ती

क्रेन पलटने से सिविल इंजीनियर की मौत हो गई. वहीं एक सुपरवाइजर भी घायल हो गया है. सुपरवाइजर की हालत गंभीर बनी हुई है. उसे रिम्स में भर्ती कराया गया है. बताया जाता है कि क्रेन का अगला हिस्सा सुपरवाइजर पर गिर गया था जिसके बाद उसे आनन-फानन में रिम्स में भर्ती कराया गया है. घायल सुपरवाइजर का नाम हसेन अली है और वह बंगाल के मालदा जिले का रहने वाला है.

 

इसे भी पढ़ें: कोडरमा : संवैधानिक रूप से मान्य नियोजन नीति लाने की मांग, छात्रों, बेरोजगारों ने किया प्रदर्शन

Related Articles

Back to top button