
Chakradharpur : सुप्रीम कोर्ट के आदेश की अवहेलना कर देर रात डीजे बजाने पर पोड़ाहाट एसडीओ ने जुर्माना लगाते हुए कारवाई की है. जानकारी के अनुसार मंगलवार रात शहर के तंबाकू पट्टी रोड़ स्थित गोल्डन बैकुंठ हॉल में एक शादी समारोह का आयोजन किया गया था. शादी समारोह में देर रात सुप्रीम कोर्ट के आदेश का अवहेलना कर तेज गति से डीजे बजाया जा रहा था. इसे लेकर किसी ने इसकी शिकायत पोड़ाहाट एसडीओ रीना हंसदा से कर दी. देर रात लगभग 11:30 बजे एसडीओ रीना हंसदा ने मौके पर नगर परिषद के कर्मचारियों के साथ पहुंच गई. उन्होंने तेज़ आवाज सुनकर गोल्डन बैकुंठ हॉल के मालिक पवन चूक को बुलाया उन्होंने ऑन द स्पॉट 10 हजार रूपए जुर्माना लगाते हुए डीजे को जब्त कर चक्रधरपुर थाना को सौंप दिया. हालांकि समाचार लिखे जाने तक चक्रधरपुर थाना में अब तक कोई मामला दर्ज नहीं हुआ है. इस घटना के बाद से शहर में होटल मालिक और लॉज मालिकों में हड़कंप मचा हुआ है.




