
Dhanbad: धनबाद में गौ तस्करी को रोकने को लेकर सोमवार को भाजपा नेता मुकेश पांडे ने जिले के ग्रामीण एसपी रीष्मा रमेशन से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा. साथ ही उनसे इसपर लगाम लगाने को लेकर आग्रह भी किया.
भाजपा नेता मुकेश पांडे ने बताया कि जिले में गौ तस्करों के मनोबल काफी बढ़ा हुआ है. ऐसा लगता है जैसे उन्हें किसी का भी डर नही है. ये तस्कर वाहनों में पशुओं को ठूस कर धनबाद शहर के रास्ते बॉर्डर पार कराते हैं. उन्होंने बताया कि इसी पर रोक लगाने को लेकर आज वो जिले के ग्रामीण एसपी से मुलाकात की जिसपर ग्रामीण एसपी द्वारा उन्हें आश्वासन दिया गया है कि जल्द हो वो इसपर लगाम लगाने को लेकर जिले के थाना प्रभारियों संग बैठक कर जरूरी दिशा निर्देश देंगी.
मालूम हो कि जिला पशुपालन विभाग कै अनुसार धनबाद में हर महीने 50 से ज्यादा तस्करी में ले जाए जा रहे गोवंश जप्त किए जा रहे हैं. इन सभी गोवंश को कतरास, बस्ताकोला अथवा मटकुरिया गौशाला भेजा जा रहा है. आलम यह है कि गोवंश के प्रति सक्रियता दिखने वाली सरकार और उनकी सरकारी योजना गौशाला की गेट तक खत्म हो जाती है. गोवंश की सेहत, उनका चारा, देखरेख की व्यवस्था सभी गौ शाला प्रबंधन पर चली जा रही है.
बताते चलें कि पशु तस्करों के लिए धनबाद का रास्ता सबसे सुगम जान पड़ता है. हालत यह है कि पुलिस डाल डाल तो पशु तस्कर पात पात वाली कहावत को चरितार्थ करते हुए नित नये तरीके से कामयाब हो जाते हैं. धंदेबाज कभी कंटेनर, पिक अप वैन तो कभी अन्य वाहनों पर मवेशी लाद कर यूपी, बिहार,पश्चिम बंगाल से बांग्लादेश तक ले जाते हैं. धनबाद जिले में तोपचांची, राजगंज, बरवाअड्डा, गोविंदपुर, निरसा, चिरकुंडा मैथन थाना क्षेत्र पशु तस्करों का जाना-सुना रास्ता है. इन्हीं रास्तों से बंगाल और बांग्लादेश तक आसानी से पहुंचा जा सकता है. इधर कुछ दिनो से गो रक्षा दल और पुलिस की सक्रियता देख तस्कर अब मैथन व चिरकुंडा के ग्रामीण इलाकों से झुंड में या दो-दो की संख्या में पैदल ही झारखंड की सीमा पार कराते हैं.
धनबाद के एसएसपी संजीव कुमार ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस कार्रवाई करती है. धंधेबाज पैदल भी पशुओं की तस्करी करते हैं. इन मामलों में पशुपालन अधिकारी पहल करेंगे तो पुलिस सहयोग करेगी.
उल्लेखनीय है कि विगत 18 अक्टूबर को राजगंज पुलिस ने एक ट्रक को पकड़ा, जिसमें 17 भैंसें लदी थी और उसे जो बंगाल ले जाया जा रहा था. 18 अक्टूबर को ही पूर्वी टुंडी पुलिस ने गोविंदपुर-साहिबगंज मार्ग पर लटानी के पास 10 ट्रक पकड़े, जिनमें 150 गोवंशी मवेशी थे. 14 अक्टूबर को बाघमारा के सोनारडीह में 3 दर्जन मवेशियों से लदे 6 पिकअप वैन पर को पुलिस ने पकड़ा था. इससे पहले निरसा के मैथन में 8 अक्टूवर को स्कॉर्पियो की डिक्की में 4 गोवंश मवेशी को ले जाते पकड़ा गया. उससे भी पहले 22 सितंबर को मैथन से 35 मवेशी मवेशी ले जा रहे कंटेनर को पकड़ा गया था.
इसे भी पढ़ें: ईडी के अधिकारी करते रहे इंतजार, नहीं पहुंचे DSP प्रमोद मिश्रा, DGP के आदेश को भी नकारा




