
Ranchi: रांची नगर निगम अपने क्षेत्र में डेली बेसिस पर मोबाइल टॉयलेट मुहैया कराता है. लेकिन प्रापर मॉनिटरिंग और मेंटेनेंस नहीं हो पाने के कारण लोग इसे बर्बाद करने में लगे है. नगर निगम की बड़ी राशि मेंटेनेंस में ही खर्च हो रही है. यह देखते हुए रांची नगर निगम ने अब मोबाइल टॉयलेट के संचालन का जिम्मा प्राइवेट एजेंसी को देने की योजना बनाई है. जिसके बाद मोबाइल टॉयलेट के आपरेशन से लेकर मेंटेनेंस की जिम्मेदारी एजेंसी की होगी. वहीं कुछ भी खराब होने की स्थिति में उसे बदलवाना भी होगा.
निगम ने किया है टॉयलेट को अपग्रेड
रांची नगर निगम ने किराये पर उपलब्ध करानेवाली मोबाइल टॉयलेट को अपग्रेड कर दिया है. उसमें दी जानेवाली सुविधाएं भी बढ़ा दी गयी हैं. जिससे अब यूजर्स को पहले से ज्यादा बेहतर सुविधाएं मिलेंगी. हाइजेनिक टॉयलेट के इस्तेमाल से कई तरह की बीमारियों से भी दूर रहेंगे. बताते चलें कि रांची नगर निगम से किसी भी तरह के आयोजन पर मोबाइल टॉयलेट हर दिन के किराए पर हायर सकते हैं.
1500 और 2500 प्रतिदिन किराया
नगर निगम के पास 6 सीटर और 10 सीटर वाले मोबाइल टॉयलेट हैं. जिन्हें रांची नगर निगम क्षेत्र में किराये पर दिया जाता है. जिसके लिए अलग-अलग किराया भी निर्धारित है. 6 सीटवाले मोबाइल टॉयलेट के एक दिन का किराया 1500 रुपये है.10 सीट वाले टॉयलेट का किराया 2500 रुपये है. नगर निगम क्षेत्र के बाहर भी इसकी सुविधा दी जायेगी. जिसके लिए एक्सट्रा चार्ज लोगों को चुकाना होगा.




