
Ranchi: साझा मंच की बैठक में संविधान दिवस के उपलक्ष्य पर कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा. इस संबंध में मंच की ओर से बैठक का आयोजन किया गया. इसकी जानकारी देते हुए सुधांशु ने बताया कि कार्यक्रम का आयोजन सुबह से किया जायेगा. सुबह ग्यारह बजे मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका में संविधान प्रस्तावना पाठ और वितरण किया जायेगा. शाम चार बजे से विचार संगोष्ठी का आयोजन किया जायेगा. आयोजन प्रेस क्लब में किया जायेगा. जिसमें साझा मंच के साथ साथ अन्य आयोजक भी शामिल होंगे. विचार गोष्ठी में संविधान दिवस पर एक नोट प्रस्तुत किया जायेगा. जिस पर विभिन्न वक्ता अपने विचार रखेंगे. फिर आने वाले कार्यक्रमों को लेकर एक प्रस्ताव पेश किया जायेगा.
सुधांशु ने बताया कि साझा मंच की ओर से आयोजित होने वाले कार्यक्रम में वक्ताओं को तीन बिंदुओं में विचार रखने हैं. इनमें संविधान का ऐतिहासिक परिप्रेक्ष्य, संघीय ढांचा और संविधान प्रदत्त मौलिक अधिकार है. संविधान दिवस के माध्यम से संविधान बचाओ, गणतंत्र बचाओ, देश बचाओ का नारा बुलंद करने का और बहुलता बचाने का प्रस्ताव रखा गया.




