
Giridih: धनवार थाना क्षेत्र के दसरोडीह गांव में 25 वर्षीय विवाहिता गुड़िया देवी का शव उसके ससुराल के कमरे में फंदे से झूलता हुआ मिला. मृतका गुड़िया देवी ने फांसी लगाई या उसकी हत्या हुई, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं है लेकिन मृतका के पिता विनोद स्वर्णकार ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और मायके से पांच लाख मांगने का दबाव बनाने का आरोप लगाते हुए थाना में दोषियों के खिलाफ आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है. मृतका के पिता विनोद स्वर्णकार ने उसके ससुर लखन स्वर्णकार, गोतनी मुन्नी देवी, और भैंसूर पिंटू स्वर्णकार पर साजिश कर बेटी की हत्या करने का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया है. घटना के बाद से सभी आरोपी फरार बताए जा रहे हैं.
इसे भी पढ़ें: गिरिडीह में कांग्रेसियों ने मनाई पूर्व पीएम इंदिरा गांधी की जयंती, कई कांग्रेस नेता हुए शामिल

जानकारी के अनुसार मृतका के भाई विकास के मोबाइल फोन पर पहले उसकी बहन गुड़िया देवी ने कॉल किया, तो वह रोते हुए भाई को भैसूर, गोतनी और ससुर द्वारा मारपीट करने की बात कहीं. उसने बताया कि पांच लाख रुपए मायके से लाने का दबाव डाला जा रहा है, नहीं लाने पर घर से निकालने और मारने तक की धमकी दे रहे हैं लेकिन मृतका पूरी बात भाई को बता पाती इससे पहले ही फोन कट गया. इसके दो दिन बाद शनिवार की सुबह कॉल आया कि उसकी बहन ने फांसी लगाकर सुसाईड कर लिया है. जानकारी मिलने के बाद भाई विकास और पिता विनोद स्वर्णकार दसरोडीह गांव पहुंचे. लेकिन उन्हें गुड़िया देवी का शव थाना में रखे होने की जानकारी मिली.
तीन साल पहले हुई थी शादी
जानकारी के अनुसार गिरिडीह के पचंबा थाना क्षेत्र हरिचक गांव निवासी विनोद स्वर्णकार की बेटी गुड़िया की शादी तीन साल पहले धनवार के दसरोडीह गांव निवासी लखन स्वर्णकार के बेटे विजय स्वर्णकार के साथ हुई थी. शादी के बाद से ही गुड़िया देवी को दहेज के लिए और पैसे लाने का दबाव डाला जा रहा था. पति विजय जहां अपने परिवार वालों द्वारा मांगे जा रहे पैसे का विरोध करता था तो वहीं विरोध करने के कारण ही उसके पिता लखन और भाई-भाभियों ने दोनों को घर से निकाल देने की धमकी दी. इसके बाद गुड़िया अपने मायके से 50 हजार लेकर ससुराल देने पहुंची लेकिन कुछ दिनों बाद उसे दुबारा से फिर पांच लाख मांग कर लाने को कहा गया और जब गुड़िया और उसके पति ने विरोध किया तो दोनों को दो साल पहले ही घर से निकाल दिया गया. दोनों पति-पत्नी घर के एक अलग कमरे में रहते थे. लेकिन शनिवार को मृतका गुड़िया देवी के भाई को फोन कर जानकारी दिया गया कि उसकी बहन ने फांसी लगाकर सुसाईड कर लिया है.




