
Palamu : जिले की हुसैनाबाद पुलिस ने उग्रवादी संगठन जेजेएमपी के सक्रिय सदस्य रवींद्र पासवान उर्फ डीजीएम को गुरुवार दोपहर थाना क्षेत्र के पचंबा गांव के समीप से गिरफ्तार किया है. रवींद्र पासवान जेजेएमपी का डर दिखा कर लेवी वसूलने का काम कर रहा था, जिससे क्षेत्र में उसके नाम से काफी दहशत फैली हुई थी.
इंस्पेक्टर सह हुसैनाबाद के थाना प्रभारी जगरनाथ धान ने बताया कि हुसैनाबाद कांड संख्या 241/21 दिनांक 18/09/2021 धारा 385, 387, 34 भारतीय दंड विधान एवं 17 सीएलए के अप्राथमिकी आरोपी एवं उग्रवादी संगठन जेजेएमपी का सदस्य रवींद्र पासवान उर्फ डीजीएम को गिरफ्तार किया गया है. वह हुसैनाबाद एवं हैदरनगर थाना क्षेत्र में जेजेएमपी का डर दिखा कर लेवी वसूलने का काम कर रहा था.
गुरुवार 13 अक्तूबर को वरीय पुलिस पदाधिकारी को गुप्त सूचना मिली कि रवींद्र पासवान उर्फ डीजीएम अपने गांव हैदरनगर के बनाही से हुसैनाबाद की तरफ जाने वाला है. कार्रवाई के लिए एक टीम का गठन किया गया, जिसमें हुसैनाबाद थाना के पदाधिकारी, सशस्त्र बल एवं एसएसबी के पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल को शामिल किया गया. टीम के द्वारा आरोपी को पचंबा गांव के पास से गिरफ्तार किया गया. उसके खिलाफ हैदरनगर थाना कांड संख्या 34/15, थाना कांड संख्या 11/17 हैदरनगर थाना कांड संख्या 77/19 हैदरनगर थाना कांड संख्या 83/19 एवं हुसैनाबाद थाना कांड संख्या 241/22 दर्ज है.
थाना प्रभारी जगरनाथ धान ने बताया कि रवींद्र पासवान उर्फ डीजीएम पर हुसैनाबाद एवं हैदरनगर थाना में आधा दर्जन आपराधिक व आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज हैं. हुसैनाबाद में 241/22 में रवींद्र पासवान उर्फ डीजीएम अप्राथमिकि आरोपी है. उन्होंने बताया कि लोगों को डरा धमका कर लेवी वसूल करना इसका धंधा बन गया था. उन्होंने कहा कि उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है.
टीम में हुसैनाबाद थाना प्रभारी जगरनाथ धान, एसएसबी कला पहाड़ के पुलिस पदाधिकारी एसआइ लोकेश कुमार, पुअनि सौरभ कुमार, सोम प्रकाश के अलावा बिहार की टंडवा पुलिस शामिल थी.
इसे भी पढ़ें – दलबदल मामले में बाबूलाल की याचिका पर हाईकोर्ट में हुई आंशिक सुनवाई,18 को अगली सुनवाई



