
Dhanbad: सूबे की सरकार की सख्ती के बावजूद जीटी रोड पर पशु तस्करी का खेल जारी है. धनबाद SSP की सख्ती से जरूर कभी छोटे मामलों का खुलासा कर पुलिस वाहवाही लूट लेती है, लेकिन सच्चाई यह है कि जीटी रोड पर पशु तस्करी का खेल बदस्तूर जारी रहता है. ताजा मामला सोमवार देर रात की है जब धनबाद के बरवाअड्डा के किसान चौक पर गौरक्षा दल के सदस्यों ने एक डाक पार्सल ढोने वाले कंटेनर का पीछा कर उसे पकड़ा. कंटेनर का दरवाजा खोलते ही सभी की आंखे फटी की फटी रह गई. बेदर्दी के साथ बड़े ही निर्दयता के साथ कंटेनर में गाय ठूंसी पड़ी थीं.
इसे भी पढ़े: गिरिडीह में समाहरणालय भवन में बगैर टेंडर चल रहे कैंटीन से जुड़ी न्यूजविंग की खबर का डीसी ने लिया संज्ञान
गौरक्षा दल की पहल पर मामले का खुलासा
गौरक्षा दल के सदस्यों ने स्थानीय पुलिस से लेकर राजधानी तक फोन इसकी सूचना दी लेकिन कोई सार्थक जबाब नहीं मिला. गौरक्षा दल के सदस्य ने बताया कि अहले सुबह पुलिस पेट्रोलिंग वाहन आया था और बड़ा बाबू आएंगे तो देखेंगे,कहकर चला गया. पकड़े गए कंटेनर को गौरक्षा दल वालों ने थाना के सामने खड़ा कर दिया है. इधर पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय वन) अमर कुमार पांडे ने बताया कि गौ तस्करों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया जा चुका है.

गौरक्षा दल के सदस्य सुमन,गौरव एवं अन्य लोगों ने बताया कि पशुधन तस्करी की सूचना उन्हें मिल रही थी. इसकी जानकारी कई बार उन्होंने अपने प्रयास से पुलिस- प्रशासन तक को दी लेकिन कार्रवाई शून्य रही है. अतः में गौरक्षा दल के सदस्यों ने ही कार्रवाई करते हुए पशुधन तस्करी वाहनों को पकड़ना तय किया. उन्होंने बताया कि बिहार के सासाराम से जैसे ही पशुधन तस्करी का कंटेनर खुली वैसे ही गौरक्षा दल के वहां के सदस्यों ने उन्हें जानकारी दी. फिर झारखंड के चौपारण से गौरक्षा दल के सदस्यों ने सूचना दी कि डाक पार्सल लिखे कंटेनर से पशुधन तस्करी को अंजाम दिया जा रहा है. सोमवार की रात गौरक्षा दल के सदस्यों ने जीटी रोड पर सवा तीन बजे के करीब डाक पार्सल लिखे कंटेनर को पकड़ा,कंटेनर पर दो नंबर प्लेट लगे हुए थे. आशंका जताई जा रही है कि अलग अलग जगहों पर अलग अलग नंबर प्लेट का इस्तेमाल किया जाता रहा होगा.

डाक पार्सल लिखे वाहन का मामला चौंकाया
गौतस्कर रोज नए नए हथकंडा अपना कर पशुधन की तस्करी करते रहे हैं लेकिन अब गौतस्करों ने पशुधन की तस्करी के लिए नायाब तरीका ढूंढ निकाला और डाक पार्सल लिखे कंटेनर के माध्यम से गौतस्करी करनी शुरू कर दी है. अमूमन डाक पार्सल ढोने वाले कंटेनर पर जल्दी किसी का ध्यान भी नही जाता. गौरक्षा दल के सदस्यों ने आरोप लगाया है कि रात के समय वाहनों की जांच करते समय पुलिसकर्मी अवैध तरीके से पशु तस्करों का वाहन पास करा देते हैं. इतना ही नहीं, पकड़े गए मवेशियों के रख रखाव के नाम पर मिलने वाले धन का भी जिले में बंदरबांट होने की भी आशंका जताई है. स्थानीय लोगों ने SSP संजीव कुमार से मामले का संज्ञान लेते हुए जांच कराकर पशुधन तस्करी को संरक्षण देनेवाले पुलिस कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.




