
Patamda : झारखंड में सबसे अधिक 16 सालों तक भाजपा ने सरकार चलायी और उम्मीद के अनुरूप विकास कार्य नहीं हुए. राज्य की बदहाली के लिए आजसू पार्टी जिम्मेवार है क्योंकि भाजपा को सपोर्ट करते हुए आजसू ने सरकार चलाने में मदद की. पिछले दो सालों से राज्य में हेमंत सोरेन की सरकार ने हर वर्ग के लोगों के लिए जो काम किया है यह धरातल पर दिखने लगा है. यह बातें रविवार को झामुमो के पूर्वी सिंहभूम जिलाध्यक्ष सह घाटशिला के विधायक रामदास सोरेन ने कही. वे झामुमो की बोड़ाम प्रखंड कमेटी की ओर से आयोजित कार्यकर्ता मिलन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे. बोड़ाम हाटतोला मैदान में आयोजित समारोह में उन्होंने हेमंत सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि सर्वजन पेंशन योजना ऐतिहासिक है जिसमें 45 वर्ष से अधिक आयु वाले सभी अविवाहित व्यक्ति से लेकर वृद्धा, विधवा, विकलांग तक को लाभ दिया जा रहा है. साथ ही साथ सरकारी कर्मियों के लिए भी पेंशन की योजना को लागू कर दिया है.
रामदास ने कहा कि किसानों की ऋण माफी, 100 यूनिट मुफ्त बिजली एवं शहीदों को सम्मान दिया गया. उन्होंने कहा कि आजसू के समर्पित नेता और संस्थापक सदस्य हिमांशु महतो और रूपनारायण मोदक के नेतृत्व में शामिल होने वाले कार्यकर्ताओं का स्वागत करता हूं. अलग राज्य के लिए जो लड़ाई लड़ी गई थी दिशोम गुरु, बिनोद बिहारी महतो व एके राय के नेतृत्व में उसका लाभ अभी राज्य की जनता को मिल रहा है. बिहार राज्य में हमारे झारखंड क्षेत्र के लोगों के साथ सौतेलेपन का व्यवहार होता था. इसके कारण यहां के आदिवासी मूलवासी लोग खुद को ठगा सा महसूस करने लगे थे और अलग राज्य के लिए आन्दोलन शुरू हुआ था. आंदोलन के दौरान लोग शहीद हुए, जिसका परिणाम 2000 में अलग राज्य हुआ. उम्मीद जगी कि यहां के लोगों का विकास होगा, नौकरी मिलेगी, शिक्षा, स्वास्थ्य जैसी सुविधाएं उपलब्ध होगी लेकिन देखते ही देखते 20 साल पार हो गए. उस दौरान यहां सर्वप्रथम प्रथम सरकार बीजेपी की बनी. इंतजार करते-करते थक गए, काम नहीं हुआ. रामदास ने स्थानीय विधायक मंगल कालिंदी की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे हमेशा क्षेत्र के विकास के मुद्दे पर विधानसभा में भी आवाज उठाते हैं और उनके ही प्रयास से अब चांडिल डैम का पानी पटमदा-बोड़ाम के खेतों तक पहुंचाने के लिए 240 करोड़ रुपये की योजना स्वीकृत हुआ है. वे बहुत ही अच्छा काम कर रहे हैं और अगले 10 सालों तक उन्हें आपलोग विधायक बनायें रखें, दोबारा ऐसा नेता नहीं मिलेगा. उन्होंने पूर्व विधायक रामचंद्र सहिस के खिलाफ बोलते हुए कहा कि उन्होंने कभी भी विधानसभा में सवाल नहीं किया और मंत्री रहते भी इस क्षेत्र में चांडिल डैम का पानी पहुंचाने की व्यवस्था नहीं कर पाये. इस दौरान रामदास सोरेन ने झारखंड अलग राज्य के आंदोलन में वीर शहीद निर्मल महतो की भूमिका एवं अन्य घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि झामुमो के आंदोलन की वजह से ही हमें अलग राज्य मिला. इसके लिए हजारों आदिवासी-मूलवासियों ने अपने प्राणों की आहुति दी है.
समीर मोहंती ने कही ये बात
बहरागोड़ा के विधायक समीर महांती ने कहा कि विधायक मंगल कालिंदी जनता के लिए सोचते हैं. यह सरकार उम्मीदों की सरकार है. 20 साल में क्या हुआ. लड़ाई के बाद मेरा अस्तित्व क्या है, पहचान क्या है इसके बारे में जानने का मौका मिला है. यह वीर शहीदों की धरती है जो लंबी लड़ाई के बाद मिली है. लंबे समय के बाद क्षेत्र की जनता ने सोचा कि 20 साल में हमने क्या खोया, क्या पाया उसके बाद गुरुजी के सुपुत्र को राज्य का बागडोर सौंपने का काम किया. सरकार बनते ही कोरोना महामारी आई जिसका सामना मुख्यमंत्री ने बुलंद हौसले के साथ किया. सरकारी तंत्र के माध्यम से घर-घर तक अनाज पहुंचाने का काम हुआ, खिचड़ी खिलाई गई, हवाई चप्पल वाले को हवाई जहाज में घर वापस लाने का काम हुआ. राज्य के सभी वर्ग के लोगों की निगाहें थी सरकार की गतिविधियों पर लेकिन सरकार ने साबित कर दिया कि देश के सभी राज्यों की सरकार से झारखंड सरकार ने बेहतर काम किया. जिले में एक लाख से अधिक पेंशन योजना की स्वीकृति दी गई जो बड़ी उपलब्धि है.
मंगल कालिंदी ने कही ये बात
स्थानीय विधायक मंगल कालिंदी ने कहा कि कोरोना काल के कारण हमलोग इस तरह का कार्यक्रम का आयोजन नहीं कर पा रहे थे. उस दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बेहतर कार्य किया है. मजदूर का बेटा मंगल कालिंदी को जो भी जिम्मेदारी दी है उसे ईमानदारी के साथ निभाने का प्रयास कर रहे हैं. पिछली सरकार ने गरीबों की पेंशन योजना को बंद करके एक रुपये में जमीन की रजिस्ट्री अमीर लोगों के लिए किया था. मुख्यमंत्री बनने के बाद सर्वजन पेंशन योजना को लागू किया है. कई योजनाएं लागू की है जिसका लाभ जनता को मिल रहा है. ट्रांसफॉर्मर खराब होने पर चंदा करके मरम्मत करवाते थे लेकिन इस सरकार में हमलोगों ने चंदा-चिट्ठा बंद करा दिया है. जनता के लिए काम कर रहे हैं. झामुमो माटी की पार्टी है और उनके नेता कभी झूठ नहीं बोलते.
पोटका विधायक संजीव सरदार ने कही ये बात
पोटका विधायक संजीव सरदार ने कहा खुशी की बात है कि आज पहली बार विस चुनाव के बाद एक मंच में चारों विधायक एक साथ बैठे हैं. कोरोना के कारण आपलोगों से संवाद नहीं कर पाये. सरकार और हमने मिलकर कई तरह की योजनाएं बनाकर आपकी सेवा करने का काम किया है. हर जिले में खेल पदाधिकारी की नियुक्ति और खिलाड़ियों की सीधी नियुक्ति की है. पिछली सरकार ने स्कूलों को बंद करने का काम किया था. सभी वर्गों के लिए साइकिल, छात्रवृत्ति, किताब देने का काम किया है. पिछली सरकार ने बांग्ला भाषा को लुप्त करने के लिए पढ़ाई बंद किया था हमारी वर्तमान सरकार ने क्षेत्रीय भाषाओं में पढ़ाई चालू करने के लिए व्यवस्था शुरू कर दी है. इस सरकार में झारखंडी सोच के अनुरूप काम हो रहा है, योजनाएं बनाई जा रही है. मौके पर झामुमो नेता मुनव्वर हुसैन, कालीपद गोराई, हिमांशु महतो, सुभाष कर्मकार, चंद्रशेखर टुडू, श्यामापद महतो, मिथुन चक्रवर्ती, प्रह्लाद लोहरा, राजू कर्मकार, अश्विनी महतो, श्यामपद महतो, आनंद महतो, विजय महतो, दोलगोविंद लोहरा, सरबजीत भाटिया आदि उपस्थित थे.




