
JAMSHEDPUR : पूर्वी सिंहभूम जिले के मुसाबनी थाना अंतर्गत बाकड़ा के शंख नदी में मिले साहेब हेंब्रम की सिर काट कर हत्या का मामला पुलिस ने सुलझा लिया है. इस मामले में पुलिस ने साहेब के भाई मकर हेंब्रम और भतिजा सुनाराम हेंब्रम, सुकलाल हेंब्रम और रामजीत हेंब्रम को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही में घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार भी बरामद कर लिया है. साहेब 14 जुलाई से ही लापता था. 17 जुलाई को स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी थी कि शंख नदी में एक सिर और हाथ कटी लाश मौजूद है. पुलिस जांच के लिए पहुंची और शव को नदी ने निकलवाया. अनुसंधान के क्रम में पुलिस ने घटना स्थल से चार किमी दूर नदी से ही सिर को भी बरामद कर लिया. हालांकि, पुलिस मृतक का हाथ नहीं बरामद कर पाई. पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरु की. जांच के क्रम में पुलिस को पता चला कि लेंजोबेड़ा निवासी साहेब हेंब्रम लापता है. पुलिस ने फोटो और कपड़े से साहेब की पहचान की. पुलिस ने इस मामले में हत्यारों को भी गिरफ्तार कर लिया.
भतिजों के साथ मिलकर कर दी भाई की हत्या
जानकारी देते हुए एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि शव मिलने के बाद ग्रामीण एसपी मुकेश कुमार लुणायत के निर्देश पर एक जांच टीम का गठन किया जिसकी निगरानी डीएसपी मुसाबनी चंद्रशेखर आजाद कर रहे थे. मकर हेंब्रम जो कि मृतक का अपना भाई है उसने साल 1995 में जमीन विवाद को लेकर अपने भाई साहेब हेंब्रम और पिता के साथ मिलकर चाचा की हत्या कर दी थी. इस वक्त दोनों भाई रिहा हो गए थे पर पिता को सजा हो गई थी. पिता की मौत के बाद दोनों भाइयों के बीच जमीन को लेकर बंटवारा हुआ था. इस बंटवारे के बाद दोनों भाइयों के बीच विवाद बढ़ता गया. इस दौरान मकर अपने चाचा के दोनों बेटों के साथ मिलकर साहेब की हत्या की योजना बनाई और 14 जुलाई को पहाड़ पूजा के दिन जब साहेब कपाटकोचा गया था तब सभी ने मिलकर उसकी हत्या कर दी और शव को बाइक में लादकर नदी में फेंक दिया था. फिलहाल सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
छापेमारी दल में ये थे शामिल
डीएसपी मुसाबनी चंद्रशेखर आजाद, जादूगोड़ा थाना प्रभारी सुनील कुमार कुशवाहा, मुसाबनी थाना प्रभारी राजा दिलावर, डुमरिया थाना प्रभारी विनोद टुडू, मुसाबनी थाना के एसआई सुरेंद्र महतो, एएसआई मोहिब हुसैन, हवलदार निरंजन चौहान के अलावा थाना के सशस्त्र बल.




