
Jamshedpur : जमशेदपुर के पूर्व सांसद सह कांग्रेस कार्यसमिति के स्थायी आमंत्रित सदस्य डॉ अजय कुमार ने जामताड़ा के स्कूलों में शुक्रवार को साप्ताहिक अवकाश और हाथ जोड़कर प्रार्थना नहीं करने देने का मामला उठाया है. इस संबंध में झारखंड के मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में उन्होंने पूरे मामले पर गंभीर चिंता जताते हुए इसे असंवैधानिक करार दिया है. साथ ही इस मामले में शामिल तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
धर्म निरपेक्षता का पालन करना जरुरी
पत्र में डॉ अजय ने कहा पिछले दिनों झारखंड के जामताड़ा के एक स्कूल में हाथ जोड़कर प्रार्थना नहीं करने का मामला आया था. हमारा देश एक धर्मनिरपेक्ष देश है और इसलिए सभी स्कूलों को धर्मनिरपेक्षता का पालन करना चाहिए. ऐसा सुनने में आया है कि शुरुआत में केवल 2-3 स्कूलों में यह नियम बदलने की शुरुआत हुई थी. यहां के कुछ मुस्लिम युवकों ने नियम बदलने का दवाब बनाया था. फिर बाद में यह मनमर्जी बढ़ते हुए 50 से ज्यादा स्कूलों तक पहुंच गई. इन युवकों ने स्कूल मैनेजमेंट पर दबाव बनाया कि इलाके में 70 फीसदी से अधिक मुस्लिम आबादी है और यहां के स्कूलों में मुस्लिम बच्चे भी अधिक हैं, इसलिए यहां रविवार को पढ़ाई होगी और शुक्रवार को छुट्टी रहेगी. डॉक्टर अजय कुमार ने कहा है कि हमें याद रखना चाहिए धार्मिक अधिकार शिक्षा के अधिकार के ऊपर नहीं हो सकते. इस तरह के मामले में दोषियों को चिन्हित कर कार्रवाई करने की जरुरत है.




