
Ranchi : हंसडीहा से महगामा फोरलेन सड़क निर्माण की अब तक स्वीकृति केंद्र सरकार से नहीं मिली है. इस सड़क के निर्माण के लिए एनएचएआई ने टेंडर भी जारी किया था, जिसमें कई बड़े संवेदकों ने भाग लिया था. अभी तक इसे फाइनल नहीं किया जा सका है. अधिकारियों के अनुसार इसमें कुछ कमियां रह गयी हैं, इसलिए इसे फाइनल करने में दिक्कत हो रही है. बता दें कि करीब 51 किमी इस एनएच के निर्माण के लिए नेशनल हाइवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया की झारखंड इकाई ने डीपीआर तैयार किया था.
करीब 1400 करोड़ की लागत से इसे बनाये जाने का प्रस्ताव है. पूरी सड़क फोरलेन किया जाना है. इस रोड के लिए जमीन अधिग्रहण इत्यादि का काम भी चल रहा है. करीब दो माह से टेंडर कर इसे फाइनल करने की प्रक्रिया चल रही है, पर अभी तक मंजूरी नही मिली है. इधर, यह प्रयास हो रहा था कि देवघर में 12 जुलाई को पीएम नरेंद्र मोदी के दौरे के समय ही इसका उद्घाटन करा दिया जाये पर बिड फाइनल नहीं होने की वजह से यह लटक गया है. यह प्रयास हो रहा है कि जल्द सारी प्रक्रिया पूरी कर साल के अंत तक काम प्रारंभ किया जाये.
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : शादी समारोह में पड़ोसी के घर गई दो महिलाएं छत से गिरकर घायल




