
JAMSHEDPUR : सरायकेला-कांड्रा रोड पर दुगनी स्थित सीआरपीएफ कैंप के समीप एक पिकअप वैन और ओमनी में जोरदार टक्कर हो गई. इस घटना में ओमनी संख्या-बीआरजे-5901 का चालक गंभीर रुप से घायल हो गया है. उसे इलाज के लिए सरायकेला सदर अस्पताल ले जाया गया है. वहीं, घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने पिकअप वैन चालक को धर-दबोचा. हालांकि सूचना मिलने पर पहुंची सरायकेला पुलिस ने वैन चालक को ग्रामीणों के कब्जे से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया.
देर तक वाहन में फंसा रहा ओमिनी चालक
जानकारी के अनुसार दुर्घटना सोमवार दिन के दूसरे पहर तब घटी जब सरायकेला से कांड्रा की ओर आ रही तेज रफ्तार ओमनी के चालक ने पिकअप वैन को ओवरटेक करने की कोशिश की. उस दौरान एक तीसरा वाहन भी आ रहा था. तभी ओमिनी चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और पिकअप वैन से ओमनी जा टकराई. दुर्घटना इतनी जबरदस्त थी कि ओमिनी चालक देर तक अपने वाहन में फंसा रहा. इस बीच आस-पास के ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गएं. उन्होंने काफी मशक्कत कर ओमनी चालक को वाहन से निकाला और उसे तत्काल इलाज के लिए भेजा गया. फिलहाल उनकी हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है.
ये भी पढ़ें- Agnipath Protest: आरपीएफ ने किया फ्लैग मार्च, चक्रधरपुर रेल मंडल मुख्यालय पुलिस छावनी में तब्दील




