
Jamshedpur : कोल्हान के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल महात्मा गांधी मेमोरियल कॉलेज एवं हॉस्पिटल में मंगलवार से पीपीपी मोड पर सीटी स्कैन की सेवा शुरू कर दी गयी है. अब कोल्हानभर की जनता एमजीएम अस्पताल में सरकारी दर पर उपलब्ध सीटी स्कैन की सुविधा प्राप्त कर सकेगी. फिलहाल पीपीपी मोड पर आधे शुल्क पर मिलने वाले इस सुविधा से गरीब जनता को भारी भरकम खर्च से राहत मिलेगी.
दरअसल, एमजीएम अस्पताल में झारखंड स्वास्थ्य विभाग की ओर से विगत दिनों नवनिर्मित भवन में अत्याधुनिक सीटी स्कैन मशीन स्थापित किया गया था. इसके लिए मणिपाल हेल्थ मैप एजेंसी को झारखंड में रेडियोलॉजी संचालन का कार्यभार सौंपा गया है. आपको बता दें कि एमजीएम अस्पताल में पूर्व में उपलब्ध सीटी स्कैन मशीन विगत कई महीनों से खराब पड़ी है. इसके रखरखाव की जिम्मेवारी जिस एजेंसी को दी गयी, उसका कार्यकाल समाप्त होने के बाद इसका संचालन पूरी तरह से ठप पड़ा था. अस्पताल प्रबंधन द्वारा कई बार पत्राचार के बाद विभाग ने नयी कार्यप्रणाली के साथ सीटी स्कैन शुरू किया है.
स्वास्थ्य मंत्री ने दिया था आश्वासन
पिछले दिनों स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता द्वारा अस्पताल का निरीक्षण करने के दौरान उन्होंने आश्वस्त किया था कि जल्द ही सीटी स्कैन मशीन सहित अन्य जरूरत की मशीने अस्पताल में उपलब्ध करा दी जायेंगी. जिसके तहत आज से सीटी स्कैन की सुविधा शुरू कर दी गयी है. वैसे इसका विधिवत उद्घाटन ऑटोमिक एनर्जी रिसर्च बोर्ड मुंबई से क्वालिटी मापदंड के सर्टिफिकेट प्राप्त होने के बाद किया जायेगा.
ये भी पढ़ें- Jamshedpur : 15 पुड़िया ब्राउन शुगर से साथ पद्दुम गिरफ्तार, साथियों की तलाश में पुलिस




