
New Delhi: देश भर में जून के महीने में गर्मी अपना तेवर दिखा रही है. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से लेकर उत्तर प्रदेश तक अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच रहा है. वहीं, भीषण गर्मी और बढ़ते पारे के साथ कई राज्यों में लू यानी हीटवेव की स्थिति बनी हुई है. इस बीच मौसम विभाग (IMD) ने अभी कुछ दिन लू से राहत नहीं मिलने की संभावना जताई है.
मौसम विभाग ने जानकारी दी कि देश के उत्तर-पश्चिम और मध्य हिस्से फिर से लू की चपेट में आ गए हैं. कई राज्यों के शहरों में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच रहा है. राजस्थान, जम्मू, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार, झारखंड, विदर्भ, उत्तर प्रदेश के दक्षिणी क्षेत्र और मध्य प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में अगले दो से तीन दिन तक लू चलने की आशंका है.
दिल्ली के मौसम की जानकारी
राजधानी और आसपास के कई इलाकों में ‘लू’ चल रही है. बाहर निकलने पर ऐसा महसूस होता है कि भट्ठी के पास खड़े हों. दिल्ली में इस कदर गर्मी बढ़ रही है कि दोपहर के समय हवा में नमी का स्तर घटकर 12 से 14 प्रतिशत तक सिमट रहा है. तेज धूप की वजह से लोगों को कूलर में पानी दिन में तीन से चार बार भरने पड़ रहे हैं. वहीं, एसी भी बहुत ज्यादा कूलिंग नहीं कर पा रहे हैं. लोगों को हफ्ते के पहले ही दिन 6 जून (आज) को लू झेलनी पड़ेगी. इसके बाद भी अधिकतम तामपान 9 जून तक 43 डिग्री के आसपास रह सकता है.
रविवार को भी 44 डिग्री से ऊपर पहुंचा पारा
रविवार को राजधानी (सफदरजंग) का अधिकतम तामपान बढ़कर 44.2 डिग्री पर पहुंच गया. यह सामान्य से 4 डिग्री अधिक है. वहीं, मंगेशपुर राजधानी में मौसम सबसे गर्म रहा. यहां का तापमान 47.3 डिग्री रहा. मौसम विभाग की भविष्यवाणी बताती है कि फिलहाल गर्मी के प्रकोप से राहत नहीं मिलने वाली. अगले तीन-चार दिन दिन के वक्त झुलसाने वाली हवाएं चलती रहेंगी.
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) का पूर्वानुमान है कि 11 जून से दिल्ली-एनसीआर में गरज के साथ हल्की बारिश होगी. मॉनसून का इंतजार है मगर मौसम विभाग बता रहा है कि केरल के ऊपर अभी तक यह कमजोर रहा है. वहां अनुमान से 50% कम बारिश दर्ज की जा रही है. मॉनसून के दिल्ली-एनसीआर तक 25-30 जून तक पहुंचने की संभावना है.
इसे भी पढ़ें: आगरा : बाइक की मामूली टक्कर के बाद भिड़े दो समुदाय, जमकर पथराव




