
Ranchi: एचईसी कॉलोनी में ऐतिहासिक रथ मेला इस बार भी नहीं लगेगा. हालांकि स्वामी जगन्नाथ की रथ यात्रा निकाली जायेगी. प्रशासनिक आदेश के मुताबिक 01 जुलाई को होनेवाली ऐतिहासिक रथ यात्रा में सीमित संख्या में लोग शामिल होंगे. मंदिर के आस पास दुकानें भी नहीं लगेगी. मेला पर रोक की वजह प्रशासन ने कोरोना संक्रमण को बताया है.

बैठक में ना दो गज की दूरी, ना मास्क
रांची समाहरणालय में गुरुवार को डीसी छवि रंजन ने रथ मेला के आयोजन को लेकर बैठक की. इस बैठक में सबसे खास बात यह रही कि इसमें ना तो दो गज की दूरी का पालन हुआ ना ही किसी ने मास्क लगा रखा था. बैठक में कोरोना संक्रमण का हवाला देते हुए रथ मेला के आयोजन की अनुमति नहीं दी गई है.
मेला की अनुमति नहीं, दुकान भी नहीं लगेंगे
कोविड-19 संक्रमण के मद्देनजर विभागीय आदेश के आलोक में मेले के आयोजन की अनुमति नहीं दी गई है. आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार किसी प्रकार के मेले के आयोजन एवं दुकान लगाने की अनुमति नहीं है. जारी दिशा निर्देश के अनुसार सीमित व्यक्तियों की संख्या में रथ यात्रा का आयोजन किया जा सकता है.
अतिक्रमण हटाने का निर्देश
जगन्नाथ रथ यात्रा को लेकर मंदिर परिसर के आसपास दुकान लगाने को लेकर कई लोगों द्वारा अस्थाई निर्माण किए जाने की सूचना दिये जाने पर उपायुक्त ने एसडीओ को आवश्यक कार्रवाई कर अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि कोविड-19 के संक्रमण के मद्देनजर मेला और दुकान लगाने की अनुमति नहीं है.
रथ यात्रा से पहले मांस एवं शराब बिक्री पर रोक
इसके अलावा वोलेंटियर बनाने, रथ यात्रा से पहले मांस एवं शराब बिक्री पर रोक, सड़क के दोनों और मोरम गिराने आदि को लेकर भी समिति द्वारा बातें रखी गई जिस पर उपायुक्त ने आवश्यक निर्देश दिये.
उपायुक्त रांची छवि रंजन की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में उप विकास आयुक्त रांची, अनुमंडल पदाधिकारी सदर रांची, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि व्यवस्था), पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, जिला नजारत उप समाहर्ता, विभिन्न समितियों के प्रतिनिधियों के साथ संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे.
इसे भी पढ़ें : विनाश के कगार पर खड़ा है झारखंड: रघुवर दास




