JharkhandRamgarh

रामगढ़ में पंचायत चुनाव के लिए मास्टर ट्रेनरों को मिली ट्रेनिंग

Ramgarh: त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2022 के सफल आयोजन को लेकर उपायुक्त माधवी मिश्रा के निर्देश पर सोमवार को जिला समाहरणालय सभाकक्ष में प्रखंड एवं अंचल स्तर के मास्टर ट्रेनरों को  प्रशिक्षण दिया गया. प्रशिक्षण के दौरान वरीय पदाधिकारी प्रशिक्षण कोषांग सह उप विकास आयुक्त नागेंद्र कुमार सिन्हा, प्रभारी पदाधिकारी प्रशिक्षण कोषांग सह कार्यपालक पदाधिकारी संजय कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी सह नजारत उप समाहर्ता सौरभ प्रसाद एवं जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर राघवेंद्र कुमार सिंह के द्वारा मतदान कार्य में लगे शत प्रतिशत पीठासीन पदाधिकारियों, प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय मतदान पदाधिकारियों को कार्यों से संबंधित जानकारी देने के उद्देश्य से प्रखंड एवं अंचल स्तरीय मास्टर ट्रेनरों को प्रशिक्षण के दौरान पीठासीन पदाधिकारियों, प्रथम द्वितीय एवं तृतीय मतदान पदाधिकारियों के द्वारा मतदान के पूर्व, मतदान के दिन एवं मतदान के बाद किए जाने वाले कार्यों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई वहीं उनकी दुविधाओं को भी दूर किया गया. इसके साथ ही उन्हें आक्षेपित मत, टेंडर वोट, मतदान पदाधिकारियों के बीच कार्यों का आवंटन और मतपत्र जारी करने, पंचायत निकायों के लिए मतपत्रों के रंग, मतदान के पश्चात विभिन्न प्रपत्रों को तैयार करने तथा लिफाफे को सील करने, विधिक लिफाफे, गैर विधिक लिफाफे, मतदान समाप्ति के बाद मतपेटिका के साथ जमा की जाने वाली आवश्यक सामग्रियों, मतदाताओं की पहचान, मतपेटिका को खोलने, बंद व सील करने सहित अन्य विषयों पर जानकारी दी गई. इसके साथ ही प्रखंड व अंचल स्तरीय मास्टर ट्रेनरों को मतदान कार्यों में लगे अधिकारियों को बेहतर तरीके से प्रशिक्षित करने एवं उनकी दुविधाओं को दूर करने के संबंध में किस प्रकार से कार्य करना है के लिए विस्तार से जानकारी दी गई. प्रशिक्षण के दौरान जिला शिक्षा पदाधिकारी शुशील कुमार प्रभारी, कार्यपालक दंडाधिकारी सह प्रभारी विधि शाखा विशाल कुमार सहित प्रखंड एवं जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर उपस्थित थे.

इसे भी पढ़ें : BIG NEWS :  COVID वैक्सीनेशन के लिए बाध्य नहीं कर सकती सरकार, मौजूदा वैक्सीन नीति अनुचित नहीं : सुप्रीम कोर्ट

Related Articles

Back to top button