
Lohardaga : लोहरदगा में 10 अप्रैल को रामनवमी शोभायात्रा पर पथराव, आगजनी और हिंसा के बाद लोगों को गिरफ्तार किया गया है. वहीं अब हिंसा प्रभावित गांव की महिलाओं ने लोहरदगा समाहरणालय का घेराव किया. निर्दोष लोगों के खिलाफ केस दर्ज करने और उनकी गिरफ्तारी का आरोप लगाते हुए सैकड़ों की संख्या में महिलाएं उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक और अन्य आला अधिकारियों का घेराव करने पहुंची.
डीडीसी गरिमा सिंह की दिशा निर्देश पर इन महिलाओं को परिसर में रोका गया. डीडीसी ने महिलाओं से बात की. समझाया और वापस भेजा.
महिलाओं का कहना था कि 10 अप्रैल को कुजरा-हिरही गांव में रामनवमी शोभा यात्रा और मेला तीन साल बाद लगा था. सुनियोजित तरीके से एक खास समुदाय के लोगों ने प्लान करके शोभायात्रा पर हमला किया, आगजनी और मारपीट की.
कहा कि मामले में पुलिस अब हिंदू समाज के लोगों को परेशान कर रही है. आधी रात को पुलिस आती है दरवाजा धक्का देती है, तोड़ती है और घर के पुरुष सदस्यों को ढूंढती है. मिलने पर पकड़ कर ले जाती है. महिलाओं ने कहा कि बेकसूर लोगों को पुलिस गिरफ्तार कर रही है.
पुलिस और प्रशासन एकतरफा कार्रवाई कर रही है. तमाम लोग डरे हुए हैं. महिलाओं ने गिरफ्तार कर जेल भेजे गये अपने समाज के लोगों को बेकसूर बताते हुए उनकी रिहाई और केस हटाने की मांग की है.
इसे भी पढ़ें:अब ऑनलाइन नहीं, ऑफलाइन होगी डिप्लोमा स्तरीय नियुक्ति परीक्षा
सैकड़ों की संख्या में महिलाओं के जिला मुख्यालय पहुंचने के कारण वहां अचानक से अव्यवस्था की स्थिति पैदा हो गयी. कई महिलाएं कड़ी धूप में अपने छोटे-छोटे बच्चों को लेकर पहुंची थी.
मौके पर मौजूद लोहरदगा डीडीसी गरिमा सिंह ने कहा कि घटना हुई है. प्रशासन की कार्रवाई भी सही है. मगर यहां बड़ी संख्या में महिलाएं शिकायत के साथ जमा हुईं हैं. शिकायक पर जांच के बाद कार्रवाई होगी.
इसे भी पढ़ें:बिहार में जेईई एडवांस्ड की परीक्षा 11 शहरों में ली जायेगी




