
Chaibasa : पश्चिमी सिंहभूम जिले के हाटगम्हरिया -जैंतगढ़ एनएच 75 सड़क किनारे स्थित डेबरासाई गांव में बीते शनिवार की रात हुई भीषण सड़क दुर्घटना को अंजाम देने वाले लौह अयस्क लदे 12 चक्का वाहन के चालक अब्दुल सत्तार को जगन्नाथपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. उसे सोमवार को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. यह जानकारी सोमवार की देर शाम थाना प्रभारी यशराज सिंह ने दी. उन्होंने बताया कि लौह अयस्क लदे वाहन के चालक अब्दुल सत्तार को जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के डेबरासाई गांव क्षेत्र से रविवार की शाम को पकड़ा गया. शनिवार को सड़क दुर्घटना में मृत चालक और खलासी की पत्नी के लिखित आवादेन के आधार पर अब्दुल सत्तार पर लापरवाही से वाहन चलाने की प्राथमिकी दर्ज की गयी है. अभियुक्त अब्दुल सत्तार साहेबगंज जिला के सिरासिन गांव का रहने वाला है.
बता दें कि बीती शनिवार की रात लगभग साढ़े सात बजे जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के डेबरासाई गांव के पास जैंतगढ़ की तरह से आ रहे बारह चक्का लौह अयस्क लदे वाहन ने हाटगम्हरिया की तरह से आ रहे छोटा हाथी वाहन को जोरदार टक्कर मार दी थी. टक्कर इतनी भीषण थी कि छोटा हाथी वाहन लगभग दो सौ फीट घिसटता चला गया. इस घटना में छोटा हाथी बुरी तरह से चकनाचूर हो गया था और उसके चालक महाती सिंकू व खालासी कानुराम सिंकू की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी थी. दोनों की लाशें छोटा हाथी वाहन के आगे के हिस्से में बुरी तरह से चिपक गयी थीं. इस घटना को अंजाम देने के बाद लौह अयस्क लदे भारी वाहन का खालासी अब्दुल सत्तार गांव क्षेत्र में छुप गया था. पुलिस ने उसे पकड़ लिया. जानकारी हो कि मृत चालक और खलासी दोनों के पांच-पांच छोटे-छोटे बच्चे हैं.
इसे भी पढ़ें – पलामू : फटी साड़ी भेजकर रेलवे कर्मचारी के खाते से उड़ाये 66,663 रुपये




