
Patamda : पटमदा के बांगुड़दा स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय की सैकड़ों छात्राओं ने शुक्रवार को अपनी मांगें मनवाने के लिए कड़ी धूप में धरने पर बैठकर विरोध प्रदर्शन किया. दोपहर करीब 1 बजे से अभिभावकों की उपस्थिति में छात्राएं करीब 3 घंटे तक विद्यालय के बाहर बैठीं. आंदोलन में शामिल आठवीं से दसवीं कक्षा के छात्राओं एवं उनके अभिभावकों का कहना था कि यहां कार्यरत पार्ट टाइमर शिक्षक उत्तम कुमार महतो भौतिकी एवं रसायन विज्ञान का क्लास लेते हैं. लेकिन उसी पद पर पिछले कुछ दिनों पूर्व एक परमानेंट शिक्षिका के योगदान देने पर शिक्षक उत्तम कुमार महतो के स्वतः हटने की खबर मिल रही है. इससे छात्राओं में यह आशंका पैदा हो गई है कि उनके हटने से अब उनकी पढ़ाई पर बुरा असर पड़ेगा. क्योंकि उनकी नियुक्ति विद्यालय प्रबंधन समिति की ओर से की गई थी और नियमतः उस पद पर कोई दूसरा नियमित शिक्षक बहाल होने पर स्वतः ही हटने या एसएमसी द्वारा मानदेय का भुगतान नहीं करने का नियम है.
सूचना पाकर पहुंचे बीईईओ देवशंकर महापात्रा एवं बीपीओ अवनि महांती ने छात्राओं एवं उनके परिजनों से वार्ता करते हुए इस संबंध में उचित कदम उठाने का आश्वासन दिय. बीईईओ ने कहा कि जिला शिक्षा पदाधिकारी से पत्राचार करने के बाद वे शिक्षक उत्तम कुमार महतो को पूर्व की भांति बहाल रखने का प्रयास करेंगे. साथ ही तत्काल उन्हें हटाया नहीं जाएगा. वहीं दूसरी ओर बीईईओ ने विद्यालय की वार्डेन रजनी मुर्मू को फटकार लगाते हुए कहा कि बिना उनकी अनुमति से छात्राएं भवन से बाहर कैसे निकल गईं और धूप में कैसे बैठने दिया गया. बीईईओ ने इसे अनुशासनहीनता बताते हुए कहा कि अपनी मांगें मनवाने के लिए इस तरह का कदम उचित नहीं है. इसके जवाब में वार्डेन ने कहा कि कुछ अभिभावकों द्वारा छात्राओं को बरगलाने के कारण ही ऐसी स्थिति उत्पन्न हुई है.
ये कहा बीईईओ ने
इस संबंध में बीईईओ से पूछने पर बताया कि छात्राओं द्वारा आज दोपहर को कुछ देर के लिए कमरे से बाहर निकलकर एक शिक्षक जो पार्ट टाइमर के रूप में कार्यरत हैं उन्हें नहीं हटाने की मांग की जा रही थी. अभी तक उन्हें हटाने से संबंधित कोई भी पत्र नहीं आया है. उनकी ओर से जरूरत के हिसाब से उक्त शिक्षक को रखने का प्रयास किया जाएगा.




