
Jamshedpur : मार्च महीने के अंत से ही पड़नेवाली भीषण गर्मी के बीच फिलहाल लौहनगरी के स्कूली बच्चों को और भी तपना पड़ेगा. दरअसल, जमशेदपुर में लगातार बढ़ते पारा को देखते हुए शहर के विभिन्न स्कूलों में अध्ययनरत छोटे बच्चों के पैरेंट्स एवं शिक्षक उनके स्वास्थ्य को लेकर लगातार चिंतित हैं. ऐसे में चर्चा यह भी है कि आगामी सोमवार से जमशेदपुर के विभिन्न प्राइवेट एवं सरकारी स्कूलों का समय बदलेगा जिससे बच्चों को तपती दोपहरी से थोड़ी निजात मिलेगी.
लेकिन इधर, पूर्वी सिंहभूम जिला शिक्षा विभाग शहर में चलने वाले स्कूलों के समय में कोई फेरबदलाव करने के मूड में नहीं है.दरअसल, जिला शिक्षा विभाग फिलहाल हिट वेब के चलने का इंतजार कर रहा है. हिट वेब से पूर्व आपदा विभाग के द्वारा जारी अधिसूचना के बाद ही शहर के स्कूलों के समय में बदलाव किया जा सकता है.
कोर्स पूरा कराना प्राथमिकता
इधर, कोरोना के कारण पिछले 2 साल से लगातार स्कूलों के बंद रहने से बच्चों की पढ़ाई पर काफी असर पड़ा है. इसलिए स्कूली शिक्षा विभाग कोर्स पूरा करने के लिए शैक्षणिक सत्र को बढ़ाने का पहले ही आदेश जारी कर चुका है. इस संबंध में जिला शिक्षा अधीक्षक एसडी तिग्गा ने बताया कि पारा 44 डिग्री के पार जाने पर हिट वेब को प्राथमिकता दी जायेगी. पहले ही कोरोना के कारण पिछले 2 सालों से सभी स्कूल बंद रहे हैं. ऐसे में बच्चों के पाठ्यक्रम को भी पूरा कराना हमारी प्राथमिकता है.
स्कूलों के समय में बदलाव की अधिसूचना आपदा विभाग द्वारा की जाती है. हिट वेब के आगमन पर आपदा विभाग अधिसूचना जारी करता है, नहीं तो जिले के उपायुक्त को समय बदलने का अधिकार है. फिलहाल शहर का पारा 40 डिग्री के पार अबतक नहीं गया है. इस कारण अभी बदलाव की कोई बात नहीं है.
-एसडी तिग्गा, जिला शिक्षा अधीक्षक.




