
chaibasa : रंगोत्सव होली पर रंग-गुलाल खेलने के क्रम में किसी कारणवश आंखों में रंग चले जाने की स्थिति में नेत्र चिकित्सक की अनुपलब्धता के कारण होली के दिन स्थानीय लोगों को उपचार के लिए अन्य शहरों की ओर रुख करना पड़ता है. समस्या पर संज्ञान लेते हुए विगत दिनों जिला बीस सूत्री सदस्य कांग्रेस नेता त्रिशानु राय ने जनहित में अनुमंडल पदाधिकारी सदर चाईबासा शशिन्द्र कुमार बड़ाईक को पत्र प्रेषित कर होली के दिन जिला मुख्यालय स्थित सदर अस्पताल में नेत्र विशेषज्ञ चिकित्सक प्रतिनियुक्त करने का अनुरोध किया था.
अनुमंडल पदाधिकारी के दिशा निर्देश पर असैनिक शल्य चिकित्सक सह मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी पश्चिमी सिंहभूम डॉ बुका उरांव ने बुधवार को सदर अस्पताल चाईबासा में कार्यरत नेत्र विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ सीमा सिंह को होली के दिन नेत्र संबंधी आकस्मिक उपचार के लिए सदर अस्पताल में प्रतिनियुक्त किया. वहीं त्रिशानु राय ने अनुमंडल पदाधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी को समस्या पर यथोचित पहल करने के लिए धन्यवाद दिया.
ये भी पढ़ें- जमशेदपुर : बंगाल के अपराधियों ने गालूडीह की कंपनी में दिया था लूटकांड को अंजाम, पांच गिरफ्तार, ट्रक समेत सामान बरामद




