
Patna: बिहार में शराब तस्करी रोकने के लिए मद्य निषेध विभाग पूरी तरह से तत्पर दिख रहा है. अब तक ड्रोन, हेलीकॉप्टर और सीसीटीवी के जरिए तस्करों पर अंकुश लगाने की योजना पर विभाग काम कर रहा है. अब विभाग मोटर बोट का भी इस्तेमाल करने की तैयारी में है. इसके लिए विभाग ने कंपनियों से प्रस्ताव भी मांगा है. हाल के दिनों में देखा गया है कि शराब कारोबारी नदियों के किनारे दियारा इलाकों में शराब बनाने और उसका भंडारण करने का काम कर रहे हैं. लिहाजा मद्य निषेध विभाग की ओर से शराब के अवैध कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए नदियों व नदियों से जुड़े इलाकों पर विशेष नजर रखी जा रही है.
इसे भी पढ़ें : RANCHI: बेटे ने रच डाली अपनी किडनैपिंग की साजिश, फिर पिता से की 10 लाख रुपये की डिमांड
सामान्य नावों से दियारा इलाकों में छापेमारी करने में काफी परेशानियां आ रही हैं. इसलिए विभाग ने इसके लिए बड़े पैमाने पर मोटरबोट का इस्तेमाल करने की योजना बनाई है. गंगा नदी से लगे इलाकों में मोटरबोट का इस्तेमाल किया जा रहा है, लेकिन दूसरी नदियों में भी मोटरबोट से निगरानी के लिए बड़ी संख्या में मोटरबोट की आवश्यकता है. राज्य सरकार फिलहाल तीन साल के लिए कंपनियों से मोटरबोट की सेवा लेगी. आगे जरूरत के अनुसार एक साल या दो साल के लिए सरकार मोटरबोट की सेवा आगे बढ़ा सकती है. मोटरबोट के रखरखाव की जिम्मेवारी भी कंपनियों की ही होगी.
मद्य निषेध विभाग की ओर से फुल बॉडी ट्रक स्कैनर के लिए भी टेंडर जारी किया गया है. इसे राज्य की सीमा पर प्रवेश वाले पांच चेकपोस्टों पर लगाया जाएगा. ट्रक को इससे होकर गुजारा जाएगा. इससे ट्रक से सामान उतारे बिना भी पता चल जाएगा कि उसके अंदर शराब है या नहीं.
इसे भी पढ़ें : सदन में सरकारः लघु सिंचाई स्कीम के लिये चार सालों से घटती राशि से सिंचाई सुविधाओं पर असर, नये बजट में राहत




