
Dhanbad : रविवार को संत जेवियर इंटरनेशनल स्कूल, नवाडीह में धनबाद सहोदया के सभी सीबीएसई स्कूलों के प्राचार्य, मैनेजर और सचिव को दो ग्रुप में बांट कर मैत्री क्रिकेट मैच ऊर्जा कप-2 का आयोजन किया गया.
इसका उद्घाटन धनबाद के विधायक राज सिन्हा ने किया. मैत्री मैच में येलो टीम ने ब्लू टीम को हरा कर कप पर कब्जा जमाया.
येलो टीम ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी की और 15 ओवर में कुल 167रन बनाने में सफल रही. वहीं जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी ब्लू टीम 120 रन ही बना सकी.
मैच में विजेता टीम से सर्वाधिक रन बनाने वाले संजीव कुमार को मैन ऑफ द मैच व सर्वाधिक विकेट लेने वाले रवि प्रकाश तिवारी को विशेष पुरस्कार दिया गया. मैच में विजेता टीम येलो टीम को सहोदया के चेयरमैन ने ट्रॉफी प्रदान की.
मैच में ब्लू टीम के कप्तान डीएवी कोयला नगर के प्राचार्य एन एन श्रीवास्तव व उपकप्तान द्वारिका मेमोरियल के प्राचार्य मदन कुमार सिंह थे. जबकि येलो टीम के कप्तान प्राचार्य, संत जेवियर इंटरनेशनल,धनबाद के रवि प्रकाश तिवारी एवं उप कप्तान प्राचार्य, बड्स गार्डन स्कूल, राजगंज के प्रमोद चौरसिया थे.
इसे भी पढ़ें : जल जीवन मिशन के तहत झारखंड में 96 नये वृहत ग्रामीण जलापूर्ति योजना लायेगी सरकार




