
Chaibasa : आगामी 6 मार्च को नीलमोहनपुर झारखंड स्पोर्ट्स स्टेडियम में निर्धारित सामाजिक जागरूकता सम्मेलन कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आदिवासी हो समाज युवा महासभा के केन्द्रीय महासचिव गब्बर सिंह हेम्ब्रम एवं प्रदेश अध्यक्ष गोविन्द बिरुवा ने संयुक्त रूप से संपर्क अभियान चलाया. अभियान के माध्यम से सरायकेला-खरसाँवा जिला क्षेत्र के हो समाज के लोगों को कार्यक्रम में उपस्थित होने के लिए निमंत्रण दिया गया. लोगों को जानकारी दी गई कि आदिवासी हो समाज महासभा एवं आदिवासी हो समाज युवा महासभा का सरायकेला-खरसाँवा जिला ईकाई के कमिटियों का गठन किया जायेगा. यह कार्यक्रम प्रातः आठ बजे से संपन्न होगा.
सम्मेलन के जरिये लोगों को सामाजिक विकास एवं एकरूपता के प्रति जागरूक करते हुए आदिवासी हो समाज महासभा की नियमावली, विधि-उपविधि के तहत महासभा एवं युवा महासभा दोनों के लिए चार-चार पदों के चुनाव या चयन कराये जायेंगे. सांगठनिक कार्यों की गतिविधि तथा चुनावी प्रक्रिया के लिए महासभा एवं अनुषंगी ईकाईयों के सांगठनिक हितार्थ चुनाव संचालन समिति का नियुक्त कर दिया गया है. जिसमें दोनों संगठन के लिए एक साथ अध्यक्ष, उपाध्यक्ष,सचिव एवं कोषाध्यक्ष कुल चार पदों का चुनाव या चयन होगा. चुनावी और चयन प्रक्रिया के तहत पूर्व में ही प्रत्याशी, प्रस्तावक और समर्थक को आदिवासी हो समाज महासभा का विधिवत रूप से आजीवन एवं साधारण सदस्यता की अनिवार्यता के साथ-साथ कार्यक्रम में प्रतिनिधि बनना होगा. जिसका प्रतिनिधि शुल्क 100/- रूपये रखा गया है.
चुनावी प्रक्रिया के दौरान प्रत्याशी, प्रस्तावक एवं समर्थक को सदस्यता, प्रतिनिधि, पहचान एवं पते का प्रमाण-पत्र मुख्य चुनाव पदाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत करना होगा. महासभा एवं युवा महासभा के चारों पदाधिकारियों के चुनाव या चयन के बाद कमिटि का विस्तार किया जायेगा. कार्यक्रम के सफल अभियान में युवा महासभा केन्द्रीय संगठन सचिव एवं प्रभारी सुशील सवैंया, सह प्रभारी तारामनी बांदिया, विष्णु बानरा, रानी बोदरा, गणेश गागराई, प्रदीप बानसिंह, कोल झारखंड बोदरा एवं अन्य लोग जुटे हैं .
ये भी पढ़ें – चक्रधरपुर: मेडिकल की पढ़ाई करने यूक्रेन गया सोनुवा का सुशांत गौरव सकुशल घर लौटा




