
Mujafferpur: जिले में शुक्रवार की देर रात एक घर में आग लग गई, इस कारण गृह स्वामी समेत दो मवेशियों की मौत हो गई है. घटना औराई थाना क्षेत्र के धरहरवा की है. जानकारी के मुताबिक औराई थानाक्षेत्र के धरहरवा़ पंचायत के धरहरवा निवासी राजकिशोर साह के घर में देर रात आग लग गयी. आग इतनी भीषण थी कि उसने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया. ग्रामीण जबतक आग को बुझाते तब तक दो मवेशियों की आग में झुलसकर मौत हो गई है. वहीं चार अन्य मवेशी बुरी तरह से झुलस गये. फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है.
आग लगने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया. आग को बुझाने और मवेशियों की जान बचाने के दौरान गृहस्वामी राजकिशोर साह भी आग में बुरी तरह से झुलस गये. आनन-फानन में गंभीर रूप से झुलसे राजकिशोर साह को इलाज के लिए एसकेएमसीएच में भर्ती कराया गया. जहां शनिवार की सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी. इस भीषण अगलगी में घर का सारा सामान जलकर राख हो गया.




